Baatein Dil Se Podcast: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी (Suniel Shetty) की जोड़ी एक बार फिर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के जरिए बड़े पर्दे पर लौट आई है। आज रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और खासतौर पर सुनील शेट्टी की दमदार एक्टिंग की खूब तारीफ हो रही है। लंबे समय बाद दोनों सितारों की शानदार केमिस्ट्री फैंस को पसंद आ रही है। इसी बीच सुनील शेट्टी ने टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के पॉडकास्ट बातें दिल से (Baatein Dil Se) में अपनी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। इस दौरान उन्होंने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' पर भी खुलकर अपनी राय रखी। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-Suniel Shetty ने पीआर और फैशन कल्चर पर निकाली भड़ास, 'अन्ना' निकनेम पर बोले- 'पहचान बन चुका है')
सुनील शेट्टी का फूटा गुस्सा
टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के पॉडकास्ट में सुनील शेट्टी ने फिल्म 'धुरंधर' को प्रोपेगेंडा बताने वालों को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा, "आजकल कई फिल्में इसलिए नहीं चल रही हैं क्योंकि हम अपनी ऑडियंस से जुड़ाव खो चुके हैं। दर्शकों को सबसे पहले अच्छा मनोरंजन चाहिए, लेकिन हम उनकी भावनाओं को समझने में पीछे रह गए हैं। 'धुरंधर' की सफलता की सबसे बड़ी वजह यही है कि इसने लोगों की भावनाओं को समझा।" सुनील शेट्टी ने आगे कहा, "कुछ लोग 'धुरंधर' को प्रोपेगेंडा फिल्म कह रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि हम किसका प्रोपेगेंडा कर रहे हैं? हम अपने देश की बात कर रहे हैं, अपने देश के हीरोज की बात कर रहे हैं। जो लोग इस फिल्म को प्रोपेगेंडा बता रहे हैं, शायद उन्हें देश की भावना की सही समझ नहीं है। वे कभी देश से जुड़े ही नहीं है। मैं निर्देशक आदित्य धर का बहुत बड़ा फैन हूं और उनके काम की हमेशा सराहना करता हूं।"
पहले दिन कितना कमाएगी सुनील शेट्टी की फिल्म
सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल पहले दिन मोटी कमाई करने वाली है। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' ने गुरुवार को हुए पेड प्रीमियर से 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, शुक्रवार को फिल्म ने 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह पहले दिन पेड प्रीमियर समेत फिल्म की कुल ओपनिंग कमाई 18.75 करोड़ रुपये रही। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म देशभर में 10,890 शोज में दिखाई गई और इसकी औसत ऑक्यूपेंसी करीब 25 प्रतिशत दर्ज की गई। लोगों का ये मानना है कि फिल्म वीकेंड पर और भी कमाई करने वाली है।
