Shilpa Shetty join Rohit shetty Cop Universe: सिंघम, सिंबा और सूर्यवंशी जैसी पुलिस की कहानियों पर आधारित फिल्म बना चुके रोहित शेट्टी अब अपनी अगली फिल्म 'इंडियन पुलिस फोर्स' के साथ तैयार हैं। इस नई फिल्म के साथ रोहित शेट्टी ओटीटी की दुनिया में एंट्री करने वाले हैं। पहले अजय देवगन, फिर रणवीर सिंह और अक्षय कुमार को वर्दी पहनाने के बाद रोहित इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा को वर्दी पहनाकर लाए हैं। अब सिद्धार्थ मल्होत्रा के बाद रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स का हिस्सा शिल्पा शेट्टी भी बन गई हैं। इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा संग शिल्पा की जोड़ी बनेगी।
शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस फिल्म से अपना फर्स्ट लुक साझा किया है जिसमें वह मशीन गन हाथ में लिए किसी मिशन को अंजाम देती नजर आ रही है। ब्लैक पैंट और टीशर्ट के ऊपर पुलिस लाइफ जैकेट पहने शिल्पा जम रही हैं। उनके बैकग्राउंड में आग नजर आ रही है। शिल्पा का लुक जबरदस्त नजर आ रहा है और उनके चेहरे पर गजब का आत्मविश्वास दिख रहा है। रोहित शेट्टी की ये फिल्म सिनेमाघरों की बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगी।
मेकर्स की ओर से इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने की झलक एक वीडियो के माध्यम से साझा की गई थी जिसमें हथियारों का जखीरा, पुलिस की स्कॉपियों कारों का काफिला और सिद्धार्थ मल्होत्रा का लुक नजर आया था। उससे एक दिन पहले सिद्धार्थ मल्होत्रा का एक पोस्टर सामने आया था।
मेकर्स के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह फिल्म अमेजन प्रॉइम पर रिलीज होगी। चुंकि अभी इसकी शूटिंग शुरू हुई है, ऐसे में रिलीज डेट के लिए इंतजार करना होगा। मेकर्स जल्द इसकी रिलीज डेट जारी करेंगे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शूटिंग शुरू कर दी है। फिल्म मुंबई की अलग-अलग लोकेशन में शूट की जाएगी।

