बिजनेस

रिवर्स गियर में Auto Stocks, मारुति से महिंद्रा तक सबका हाल खराब, Bajaj Auto 9% लुढ़का

भारतीय बाजार में आज ऑटो स्टॉक्स में बड़ी गिरावट आई है। Nifty Auto 2.50% से ज्यादा लुढ़क गया है। वहीं, Bajaj Auto सबसे ज्यादा 9 फीसदी तक लुढ़का है। आखिर क्यों अचानक ऑटो स्टॉक्स में रिवर्स गियर लग गया है?

Image

ऑटो स्टॉक्स में बड़ी गिरावट

Auto Stocks Fall : सितंबर के ऑटो सेल्स के आंकड़े आने के बाद 1 अक्टूबर को Auto stocks में जोरदार बिकवाली देखने को मिल रही है। Nifty Auto करीब 2.77% टूटकर 25,565.65 पर आ गया है। इंडेक्स के 15 में से 14 stocks लाल निशान में हैं और सिर्फ Hyundai Motor India बढ़त में है। सबसे ज्यादा दबाव Bajaj Auto पर है, जिसका शेयर करीब 8.8% तक फिसल गया। इसके अलावा M&M, Maruti Suzuki, Eicher Motors, TVS Motor और Escorts Kubota में भी कमजोरी है।

बाजार में इस गिरावट की बड़ी वजह कंपनियों के सितंबर सेल्स नंबर और खासकर कुछ कंपनियों की उम्मीद से कमजोर घरेलू बिक्री है। हालांकि, कई कंपनियों की कुल सेल्स में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन निवेशक इस समय डोमेस्टिक डिमांड, एक्सपोर्ट और सितंबर के हाई बेस इफेक्ट को लेकर ज्यादा सतर्क नजर आ रहे हैं।

बजाज ऑटो का शेयर सबसे ज्यादा टूटा

बजाज ऑटो (Bajaj Auto) के सितंबर आंकड़ों ने बाजार को निराश किया है। कंपनी की कुल सेल्स 5,38,443 units रही, जो पिछले साल के मुकाबले 5% ज्यादा है। लेकिन इसमें बड़ा योगदान एक्सपोर्ट का रहा। सितंबर में एक्सपोर्ट 32% बढ़कर करीब 2.43 लाख यूनिट रहा। जबकि डोमेस्टिक सेल्स 9% घटकर 2.94 लाख यूनिट रह गईं। कुल टू-व्हीलर सेल्स 5% बढ़ी, लेकिन घरेलू बाजार में सेल्स में 12% की गिरावट रही। यही वजह है कि कुल सेल्स ग्रोथ के बावजूद शेयर में तेज गिरावट आई है।

ट्रैक्टर बिजनेस ने बिगाड़ा खेल

महिंंद्रा ( M&M) के लिए तस्वीर मिली-जुली रही। कंपनी की ओवरऑल ऑटो सेल्स सितंबर में करीब 15% बढ़ी, जो बाजार की 16% की उम्मीद के लगभग करीब हैं। इस दौरान SUV सेल्स में 14% और 2-3.5 टन LCV कैटेगरी में 13% ग्रोथ रही। लेकिन, फार्म इक्विपमेंट बिजनेस में बड़ा झटका लगा। सितंबर में ट्रैक्टर सेल्स 21% घटकर 52,100 यूनिट रह गई, जबकि पिछले साल इसी महीने 66,111 यूनिट बिकी थीं। यह गिरावट बाजार के करीब 11% अनुमान से काफी ज्यादा रही। इसी के चलते M&M का शेयर करीब 2% नीचे कारोबार करता दिखा।

कंपनीSeptember Sales/Performance1 अक्टूबर शेयर में बदलाव*
Bajaj Autoसेल्स +5%-8.8%
Mahindra & MahindraAuto sales +15%-2.75%
Escorts KubotaTractor sales -16.7%-3.0%
Eicher MotorsRoyal Enfield sales +8%-2.3%
Maruti Suzukiसितंबर सेल्स के बाद दबाव-2.4%
TVS Motorसितंबर सेल्स के बाद दबाव-2.2%
Hyundai Motor IndiaOverall sales +11%+1.4%
Force MotorsOverall sales +57%-0.8%
महिंद्रा के साथ ही एस्कॉर्ट कुबोटा (Escorts Kubota) का भी ट्रैक्टर बिजनेस ने खेल बिगाड़ा। सितंबर में कंपनी की कुल टैक्टर सेल्स 15,214 units रही, जो पिछले साल की 18,267 units से 16.7% कम है। ट्रैक्टर की सेल्स घटने के पीछे कमजोर मानसून और खरीफ की कम बुवाई है।

आयशर और फोर्स भी पिटे

आयशर मोटर्स ने सितंबर में Royal Enfield की बिक्री में करीब 8% की ग्रोथ रिपोर्ट की है। इस दौरान कंपनी ने 1.34 लाख यूनिट की सेल की है। कंपनी के घरेलू और एक्सपोर्ट बिजनेस में ग्रोथ भी हुई है। लेकिन, इसके बाद भी शेयर कारोबार के दौरान करीब 2-3% नीचे रहा। इसी तरह

Force Motors का प्रदर्शन भी मजबूत रहा। कंपनी की टोटल सेल्स 4,101 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 57.1% ज्यादा है। लेकिन, पूरी इंडस्ट्री के आंकड़े इस शेयर पर भी हावी दिखे और स्टॉक 0.8% नीचे कारोबार करता दिखा।

हुंडई का शेयर क्यों चला सबसे अलग?

तमाम ऑटो स्टॉक्स में जहां बड़ी गिरावट हुई है। वहीं, दूसरी तरफ Hyundai Motor India इस कमजोरी के बीच सबसे अलग दिखी है। कंपनी की सितंबर की टोटल सेल्स ग्रोथ 11% रही, जबकि बाजार की उम्मीद करीब 6% की थी। इस दौरान डोमेस्टिक सेल्स भी 11% बढ़ी और एक्सपोर्ट करीब 10.4% बढ़ा। यही वजह है कि Hyundai का शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 1.4% तक चढ़ा।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article