Bollywood Veteran Actor Dharmendra Hospitalized: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। हाल ही में एक ऐसी खबर सामने आई है जिसकी वजह से धर्मेंद्र के फैंस उदास हैं। यह कहा जा रहा है कि तकरीबन 4 दिन पहले बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। फिलहाल इस बात का पता नहीं चला है कि आखिर धर्मेंद्र को अस्पताल मे किस लिए भर्ती करवाया गया था। लेकिन जैसे ही अस्पताल में धर्मेंद्र के भर्ती होने की खबर सामने आई वैसे ही धर्मेंद्र के फैंस उनके लिए कामना करने लगे। ई टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार अब धर्मेंद्र की हालत में सुधार आ रहा है।
कहा जा रहा है कि, 4 दिन पहले बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र को साउथ मुंबई के एक हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया था। लेकिन ताजा मिल रही जानकारी के अनुसार अब वह इंटेंसिव केयर यूनिट यानी आईसीयू से बाहर आ गए हैं। खबर के अनुसार धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल आज उनसे मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे थे जहां उन्होंने अपने पिता के साथ समय बिताया। सूत्रों से मिल रही खबरों के अनुसार, अब धर्मेंद्र की हालत में सुधार आ रहा है। लेकिन वह कुछ और दिनों तक डॉक्टर्स की निगरानी में रहेंगे। इस बात का भी खुलासा नहीं हुआ है कि उन्हें कितने दिनों तक अस्पताल में रहने की जरूरत पड़ेगी।
धर्मेंद्र के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'अपने' के सीक्वल में नजर आएंगे। इस फिल्म में धर्मेंद्र को अपने दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल के साथ देखा जाएगा। इतना ही नहीं बल्कि इस फिल्म में उनके पोते करण देओल को भी कास्ट किया गया है। इसके साथ धर्मेंद्र को आलिया भट्ट और रणबीर सिंह की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी देखा जाएगा जो फरवरी 2023 में रिलीज होगी। इस फिल्म के माध्यम से धर्मेंद्र और जया बच्चन तकरीबन 48 वर्षों के बाद फिर से स्क्रीन शेयर करेंगे। आखरी बार धर्मेंद्र और जया बच्चन को बड़े पर्दे पर फिल्म शोले में स्क्रीन शेयर करते हुए देखा गया था जो 1975 में रिलीज हुई थी।

