Abhishek Bachchan Next is Remake of Tamil Film: बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता अभिषेक बच्चन (Abhishek Bachchan) को हाल ही में 'ब्रीथ' सीरीज के तीसरे सीजन में देखा गया था। इस सीरीज में अभिनेता की एक्टिंग ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था। इस सीरीज के अलावा अभिषेक बच्चन ने फिल्म 'दसवीं' से भी दर्शकों को इम्प्रेस किया था। दोनों फिल्मों की सफलता के बाद अब अभिषेक बच्चन के हाथ नया प्रोजेक्ट लगा है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार अभिषेक बच्चन जल्द ही फिल्ममेकर निखिल आडवाणी (Nikkhil Advani) के बैनर तले बनने जा रही तमिल फिल्म 'केडी' के रीमेक में दिखाई देंगे।
तमिल फिल्म का रीमेक होगी अभिषेक बच्चन की नई फिल्म
'पीपिंगमून' की रिपोर्ट के अनुसार अभिषेक बच्चन जल्द ही तमिल फिल्म 'केडी' के रीमेक में नजर आएंगे। यह एक कॉमेडी-ड्रामा, जिसे निखिल आडवाणी के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनाया जाएगा। तमिल फिल्म 'केडी' का निर्देशन मधुमिता सुंदररमन ने किया था, जो 2019 में रिलीज हुई थी। बताया जा रहा है कि इसके रीमेक का निर्देशन भी मधुमिता सुंदररमन ही करेंगी। उनकी टीम ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर काम शुरू कर दिया है। फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी के महीने में शुरू की जाएगी। निर्माता जल्द से जल्द फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद इसे अगले के मिड तक सिनेमाघरों में रिलीज कर सकते हैं।
इस फिल्म की कहानी की बात करें तो यह एक बुजुर्ग इंसान और एक बच्चे की बॉन्डिंग पर आधारित होगी। अभिषेक बच्चन को फिल्म की कहानी पसंद आई हैं और वो इसे करने के लिए तुरंत राजी हो गए हैं। अभिषेक बच्चन को भी इस अनोखे किरदार में देखना काफी दिलचस्प होगा।
