क्रिकेट

वनडे में सचिन बेहतर या विराट, आकाश चोपड़ा ने तेंदुलकर के फैंस को किया निराश

विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर में बेहतर कौन, आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस सवाल का जवाब दिया है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि जहां तक वनडे क्रिकेट की बात है तो कोहली से बेहतर कोई भी नहीं।

Image

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली (साभार-AI Image)

भारत में क्रिकेट अगर धर्म है तो उसके भगवान सचिन तेंदुलकर हैं। इस बात से शायद ही कोई खेल प्रेमी होगा जो इनकार करेगा, लेकिन आकाश चोपड़ा ने विराट और सचिन की तुलना करते हुए कुछ ऐसा कह दिया है जिससे सचिन के फैंस का दिल निश्चिततौर पर दुखा होगा। उन्होंने सचिन से तुलना करते हुए विराट को उनसे आगे बताया। चोपड़ा, जिन्होंने सचिन के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है, का मानना है कि SENA कंट्री में कोहली, सचिन से कहीं आगे हैं और दोनों की कोई तुलना ही नहीं है। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि जहां तक वनडे क्रिकेट की बात है तो कोहली से बेहतर कोई भी नहीं।

अपने यूट्यूब चैनल पर चोपड़ा ने कहा, "SENA देशों में विराट ने सचिन को साफ तौर पर मात दी है। वनडे क्रिकेट की बात करें तो दोनों की कोई तुलना ही नहीं है। अलग-अलग कार्यकाल होने के बावजूद विराट कोहली से बेहतर वनडे खिलाड़ी कोई नहीं है। कोहली से बेहतर वनडे क्रिकेट को कोई नहीं समझता। उन्होंने इस फॉर्मेट को कैलकुलेटर की तरह मापा है और रन मशीन, शतक मशीन और चेज मास्टर बन गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में भले सचिन ऊपर हो, लेकिन वनडे में स्पष्ट रूप से विराट कोहली ही विजेता हैं।

2008 में डेब्यू करने वाले कोहली ने इस फॉर्मेट में 58.59 की औसत से रन बनाए हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने 314 पारियों में 14941 रन बनाए हैं। 2018 में, वह वनडे में 10,000 रन बनाने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बने। कोहली ने इस फॉर्मेट में 54 शतक लगाए हैं।

वनडे में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड

सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग के साथ सलामी जोड़ी के तौर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया। सचिन और गांगुली ने मिलकर 8227 रन बनाए। वहीं सचिन और सहवाग ने भी सलामी जोड़ी के तौर पर 4387 रन बनाए थे। फरवरी 2010 में, सचिन ने वनडे में दोहरा शतक जड़ा था। वह ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article