दिल्ली के कनॉट प्लेस में रविवार को जाति आधारित आरक्षण के खिलाफ करीब 300 लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए आर्थिक आधार को अधिक महत्व देने की बात कही। पुलिस ने प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
वहीं, इन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे आरक्षण के पूरी तरह खिलाफ नहीं हैं, बल्कि मौजूदा व्यवस्था में सुधार चाहते हैं। उनका तर्क है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद जाति से इतर की जानी चाहिए और सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों तक पहुंचना चाहिए जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा, हम आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं। हम आरक्षण में सुधार चाहते हैं। सरकार को समझना चाहिए कि सभी समुदायों के गरीब लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और उनकी चिंताओं को सुना जाना चाहिए।
