बॉलीवुड

Deva एक्टर Rohullah Mehdi पर ड्रग्स केस में पुलिस ने कसा शिकंजा, शूटिंग सेट से हुई गिरफ्तारी

Rohullah Mehdi Drug Case: शाहिद कपूर की फिल्म ‘देवा’ में नजर आ चुके रोहुल्लाह मेहंदी को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने एक्टर को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है।

Image

रोहुल्लाह मेहदी हुए गिरफ्तार (Image Source: Rohullah Mehdi Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • FIR नंबर 437/2026 में रोहुल्लाह मेहंदी आरोपी
  • 28 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
  • सोशल मीडिया ऐप के जरिए ड्रग्स बेचने का आरोप
  • ‘देवा’ फिल्म में शाहिद कपूर के साथ किया था काम

Rohullah Mehdi Drug Case: बॉलीवुड से इस वक्त एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। एक्टर और मॉडल रोहुल्लाह मेहंदी(Rohullah Mehdi), जो शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) की फिल्म ‘देवा’ (Deva) में नजर आए थे, कथित ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किए गए हैं। इस खबर के सामने आने के बाद मनोरंजन जगत में हलचल मच गई है। पुलिस ने उन्हें मुंबई में कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की पुलिस कस्टडी मिली है। तो चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है, जिसको लेकर इतनी चर्चा हो रही है।

गिरफ्तार हुए रोहुल्लाह मेहदी

एक्टर रोहुल्लाह मेहंदी एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। इसकी वजह रोहुल्लाह मेहंदीसे जुड़ी एक खबर है जिसने सबको हैरान कर दिया है। शाहिद कपूर की फिल्म ‘देवा’ में नजर आ चुके एक्टर रोहुल्लाह मेहंदीको कथित तौर पर मुंबई ड्रग्स केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। एक्टर को काशीमीरा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कथित तौर पर चल रहे नशीले पदार्थों के नेटवर्क की जांच के दौरान हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि स्नैपचैट, व्हाट्सऐप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कथित तौर पर एमडी ड्रग्स बेची जा रही हैं। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने एक फर्जी ग्राहक बनाकर जाल बिछाया। पुलिस के मुताबिक, कासिफ नाम के एक व्यक्ति को दहिसर चेक नाका इलाके में ठाकुर मॉल के पास 28 ग्राम एमडी की कथित डिलीवरी के लिए बुलाया गया था। पुलिस ने कथित ड्रग डील के दौरान उसे पकड़ लिया। जब्त किए गए ड्रग्स की कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई गई है। एफआईआर नंबर 437/2026 के तहत दर्ज मामले में मेहंदीको मुख्य आरोपी बनाया गया है। पूछताछ के दौरान कासिफ ने कथित तौर पर मेहंदीका नाम लिया, जिसके बाद पुलिस ने एक्टर को ट्रैक कर गिरफ्तार किया। मेहंदीको कथित तौर पर मालाड के एक स्टूडियो के बाहर से गिरफ्तार किया गया, जहां वो शूटिंग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, वो मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के रहने वाले हैं और मुंबई के गोरेगांव में रह रहे थे। उन्होंने शाहिद कपूर के साथ ‘देवा’ में काम किया है और कई वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं।

रोहुल्लाह मेहंदीको भेजा गया पुलिस कस्टडी में, जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद मेहंदीको कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें कथित तौर पर पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। पुलिस अब कथित नशीले पदार्थों के नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेहंदीने किन लोगों को ड्रग्स की सप्लाई की हो सकती है। जांचकर्ता ये भी पता लगा रहे हैं कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दूसरे लोगों के इस मामले से किसी तरह के संबंध हैं या नहीं। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ करने के साथ-साथ कथित नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है। ये कार्रवाई डीसीपी जोन-1 राहुल चव्हाण की निगरानी में काशीमीरा पुलिस की टीम ने की। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जांच आगे बढ़ने पर कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article