शहर

बेहतर भविष्य की उम्मीद, कर्ज लेकर विदेश का रुख और फिर...न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी के दौरान पंजाब के गुरदीप सिंह की हुई हत्या

पंजाब के कपूरथला के एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब अमेरिका में रह रहे 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेहतर भविष्य की उम्मीद में करीब 13 साल पहले विदेश गए गुरदीप सिंह की जान न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी के दौरान चली गई।

Image

गुरदीप सिंह (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurdeep Singh Murder: पंजाब के कपूरथला जिले के बेगोवाल क्षेत्र के गांव जब्बोवाल निवासी 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की अमेरिका में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक गुरदीप सिंह, प्यारा लाल का बेटा था। बताया जा रहा है कि वह करीब 13 साल पहले बेहतर रोजगार और परिवार के अच्छे भविष्य की तलाश में अमेरिका गया था।

न्यूयॉर्क में इस वक्त चली गोली

जानकारी के मुताबिक, न्यूयॉर्क शहर के रिचमंड स्ट्रीट इलाके में गुरदीप सिंह पिज्जा डिलीवरी का काम कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल गुरदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके गांव और परिवार में शोक का माहौल है।

लगातार मेहनत करता रहा गुरदीप

मृतक गुरदीप सिंह के पिता प्यारा लाल ने भावुक होते हुए बताया कि उनके बेटे ने बेहतर भविष्य की उम्मीद में भारी कर्ज लेकर विदेश का रुख किया था। अमेरिका पहुंचने के बाद उसे लंबे समय तक कई तरह की परेशानियों और संघर्षों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद गुरदीप ने हिम्मत नहीं छोड़ी और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए लगातार मेहनत करता रहा।

लूटपाट के इरादे से किया गया हमला

परिजनों का कहना है कि गुरदीप दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार को सुखी जीवन देने की कोशिश में जुटा था। बताया जा रहा है कि पिज्जा डिलीवरी के लिए जाते समय लूटपाट के इरादे से किसी ने उस पर हमला किया और गोली मार दी। बेटे की मौत की खबर से परिवार गहरे सदमे में है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गुरदीप सिंह की अमेरिका में हत्या की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव जब्बोवाल पहुंची, पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से गुरदीप सिंह के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

अमेरिकी प्रशासन से कार्रवाई की मांग

परिवार ने अमेरिकी प्रशासन से भी मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और कानून के तहत सख्त सजा दिलाने की मांग की है। बताया गया है कि गुरदीप सिंह अभी अविवाहित था। उसके पिता और भाई डीजे का काम करके परिवार की आजीविका चलाते हैं। परिवार के इकलौते जवान बेटे की मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article