Delhi ITO Road Accident: दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल ITO के पास रविवार रात करीब 9:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिस मुख्यालय और PWD कार्यालय के सामने तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने सड़क के बीच बने डिवाइडर और लोहे की रेलिंग को जोरदार टक्कर मारते हुए उसे तोड़ दिया और दूसरी दिशा से आ रही इनोवा कार से जा भिड़ी।
दोनों वाहनों को पहुंचा काफी नुकसान
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में किराड़ी से वर्तमान विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल समेत कुल छह लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को मामूली चोटें आईं और किसी की जान नहीं गई।
अचानक बिगड़ा कार का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के आर्य नगर निवासी आशुतोष पांडे अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ स्विफ्ट कार में लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रहे थे। PWD कार्यालय के पास अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण आशुतोष वाहन को नियंत्रित नहीं कर सके और कार पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद वह लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई।
पूरे मामले की जांच जारी
इसी दौरान सामने से ITO से लक्ष्मी नगर की ओर जा रही कर्नाटक सरकार के बोर्ड लगी इनोवा से स्विफ्ट की सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में कार का संतुलन बिगड़ने के पीछे सिलेंडर में विस्फोट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए वाहनों की भी जांच की जा रही है।
