दुनिया

अमेरिका-ईरान में छिड़ने वाली है भीषण जंग? गल्फ का तनाव रोकने आज तेहरान पहुंचेंगे आसिम मुनीर

अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों का शांति समझौता समाप्त होने के बाद गल्फ क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर 24 अगस्त को ईरान के दौरे पर पहुंचेंगे। वे मध्यस्थता के जरिए दोनों देशों के बीच शांति बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर ट्रंप प्रशासन ईरान पर अब तक के सबसे सख्त आर्थिक प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है।

Image

ट्रंप के कड़े रुख के बीच तेहरान पहुंचेंगे आसिम मुनीर (फाइल फोटो)

पश्चिम एशिया और गल्फ क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने के लिए पाकिस्तान के थल सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर 24 अगस्त को ईरान के दौरे पर पहुंच रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बीते 17 जून को वर्चुअली हस्ताक्षरित हुआ 60 दिनों का अस्थायी शांति समझौता (MoU) इस हफ्ते बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गया। शांति समझौते के नाकाम होने के बाद क्षेत्र में एक बार फिर बड़े सैन्य टकराव की आशंका गहरा गई है, जिसे टालने के लिए इस्लामाबाद अपने मध्यस्थता प्रयासों को फिर से तेज कर रहा है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बगाई के अनुसार, जनरल मुनीर एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे हैं, जहां वे ईरानी शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर गहन चर्चा करेंगे। पाकिस्तान इस शांति समझौते में एक गारंटर (गारंटी देने वाला) देश था, लेकिन जुलाई के मध्य में 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (होर्मुज जलडमरूमध्य) में जहाजों पर हुए हमलों और अमेरिकी नाकेबंदी के बाद यह शांति वार्ता पटरी से उतर गई।

ट्रंप की 'क्रशिंग' पाबंदियों का खतरा और होर्मुज का विवाद

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर अब तक के सबसे कड़े और "तबाह करने वाले" (Crushing) आर्थिक प्रतिबंध लगाने की खुली चेतावनी दी है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेट भी ईरान के खिलाफ ऐतिहासिक रूप से सबसे सख्त कदम उठाने का ऐलान कर चुके हैं। इस तनाव के केंद्र में 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' का समुद्री व्यापार मार्ग है, जहां से दुनिया की कुल ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।

ईरान के विदेश मंत्री क्या बोले?

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने हालांकि इस शांति समझौते का बचाव करते हुए इसे देश को 'न युद्ध, न शांति' की स्थिति से बाहर निकालने का सबसे अच्छा रास्ता बताया था। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री ने अमेरिकी पाबंदियों की धमकी को उसकी हताशा करार दिया है। इस पूरे गतिरोध के बीच, असीम मुनीर का यह दौरा गल्फ में युद्ध की आहट को रोकने और बातचीत के रास्ते दोबारा खोलने की एक अंतिम कूटनीतिक कोशिश माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article