इलेक्शन

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान आज; 5501 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर; सुरक्षा के खास इंतजाम

Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों के लिए और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर आज मतदान होगा। जिसको लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।

Image

बंगाल और तमिलनाडु में मतदान आज (फोटो साभार: @ECISVEEP)

Photo : Twitter

Assembly Elections 2026: तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग होनी है, जबकि तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए मतदान डाले जाएंगे। इसको लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

बंगाल में 1,478 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत

पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर कुल 1,478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं अपने मत का इस्तेमाल करेंगी।

बंगाल में किन जिलों में हो रहा मतदान

बंगाल में पहले चरण में जहां मतदान होने हैं, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं। इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम ब‌र्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15, झारग्राम की 4, पुरुलिया की 9 और बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कुल 2407 कंपनियां तैनात की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "तैनाती संवेदनशीलता आकलन और पिछले चुनावी अनुभवों के आधार पर की गई है, ताकि कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।"

चुनावी मैदान में 4,023 उम्मीदवार

तमिलनाडु की बात करें तो राज्य की सभी 234 सीटों पर आज ही मतदान संपन्न होंगे। तमिलनाडु में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत लिखेंगे। इस बार चुनाव में सबकी निगाहें अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर टिकी हैं, क्योंकि कई सीटों पर उनको लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article