West Bengal Assembly Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) को करारी शिकस्त मिली, जबकि भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल की। जिसके बाद से लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न जारी है। कहीं बुलडोजर के साथ शक्ति प्रदर्शन तो कहीं हंबा-हंबा, रंबा-रंबा, थंबा-थंबा गाने पर कार्यकर्ता थिरक रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं के जश्न मनाने का अनोखा अंदाज इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि टीएमसी के हिस्से में महज 80 सीटें ही आईं।
'ममता सॉन्ग' पर डांस का वीडियो वायरल
इसी बीच, एक और वीडियो चर्चा में है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता 'हंबा-हंबा, रंबा-रंबा, थंबा-थंबा' जैसे बोल वाले कथित 'ममता सॉन्ग' पर जमकर नाचते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस वीडियो में भारी संख्या में भाजपा समर्थक हाथों में पार्टी का झंडा लिए थिरकते हुए नजर आ रहे हैं।
जय श्रीराम के गूंजे नारे
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी की बढ़त का जश्न मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की तस्वीरें लेकर 'जय श्री राम' के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में भी नारे लगाए। कोलकाता में पार्टी के राज्य मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी।
दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप, जिसे तृणमूल का गढ़ माना जाता था और उत्तर 24 परगना के बोंगांव (जहां मतुआ समुदाय की खासी आबादी है) में भी इसी तरह के दृश्य देखने को मिले, जहां भाजपा समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और पार्टी के प्रचार गीत पर नृत्य किया। बोंगांव में भाजपा समर्थक अनुभव बैरागी ने कहा कि तृणमूल ने मतुआ समुदाय के लोगों की नागरिकता के खिलाफ भाजपा के काम करने के बारे में भ्रामक अभियान चलाया था।
