देश

एकता नगर को मिली विकास की सौगात, PM मोदी ने Rs 400 करोड़ की परिजयोनाओं की रखी आधारशिला, किया उद्घाटन

इन परियोजनाओं में सीवेज और जल शोधन संयंत्र, फसाड लाइटिंग, नर्मदा घाट का उन्नयन, IRCTC होटल तथा रेनफॉरेस्ट, यूनिटी और इको ट्रेल शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने गोरा-भद्रा सड़क विकास, एकीकृत जीरो वेस्ट स्मार्ट ठोस कचरा प्रबंधन परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

Image

एकता नगर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते प्रधानमंत्री मोदी।

PM Modi at Ekta Nagar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण किया। इन परियोजनाओं में सीवेज और जल शोधन संयंत्र, फसाड लाइटिंग, नर्मदा घाट का उन्नयन, IRCTC होटल तथा रेनफॉरेस्ट, यूनिटी और इको ट्रेल शामिल हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने गोरा-भद्रा सड़क विकास, एकीकृत जीरो वेस्ट स्मार्ट ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना, खलवानी इको टूरिज्म विकास और कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन के एकीकृत विकास सहित कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

PM ने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित की

इससे पहले पीएम ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर गुजरात के एकता नगर स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मोदी सुबह ’स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पहुंचे और सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। आजादी के बाद रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने में सरदार पटेल ने अहम भूमिका निभाई थी। अपने संदेश में मोदी ने राष्ट्रीय एकीकरण और राष्ट्र निर्माण में पटेल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने एक मजबूत, समृद्ध और सक्षम भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

सरदार पटेल के योगदान को याद किया

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश की सेवा में सरदार पटेल का त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत है। उन्होंने कहा, 'अखंड भारत’ के प्रणेता और देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’ पटेल का जन्म 31 अक्टूबर, 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। उनका निधन 15 दिसंबर, 1950 को हुआ था।

भारत में कराया 560 से अधिक रियासतों का विलय

वर्ष 1947 में भारत की आजादी के बाद पटेल देश के पहले गृह मंत्री बने और उन्हें 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने का श्रेय दिया जाता है। मोदी सरकार 2014 से 31 अक्टूबर को ’राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मना रही है। इसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना और उसे सुदृढ़ करना है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article