इलेक्शन

केरल का कौन बनेगा मुख्यमंत्री? कांग्रेस ने मुकुल वासनिक और अजय माकन को बनाया पर्यवेक्षक, विधायकों की लेंगे राय

Kerala Election Results: कांग्रेस ने अपने दो वरिष्ठ नेताओं मुकुल वासनिक और अजय माकन को केरल के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो विधायक दल के नेता के चयन को लेकर नवनिर्वाचित विधायकों से रायशुमारी करेंगे।

Image

कांग्रेस नेता अजय माकन (फाइल फोटो)

Kerala Election Results: कांग्रेस ने अपने दो वरिष्ठ नेताओं मुकुल वासनिक और अजय माकन को केरल के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जो विधायक दल के नेता के चयन को लेकर नवनिर्वाचित विधायकों से रायशुमारी करेंगे। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विधायक दल की बैठक तय होते ही दोनों वरिष्ठ नेता तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे और विधायकों से उनकी राय लेने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।

कांग्रेस विधायक दल का नेता ही केरल का अगला मुख्यमंत्री होगा। इससे पहले, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस में एक स्थापित प्रक्रिया है और पार्टी केरल के संदर्भ में जल्द फैसला करेगी। उनका आशय कांग्रेस की उस प्रक्रिया की तरफ था, जिसके तहत पार्टी विधायक दल की बैठक में आमतौर पर एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर नेता को चुनने के लिए पार्टी आलाकमान को अधिकृत किया जाता है।

जनता ने कांग्रेस पर जताया अपना भरोसा

वेणुगोपाल ने कहा कि केरल के लोगों ने कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ गठबंधन पर अपना विश्वास जताया है। उन्हें राहुल गांधी और खरगे जी के नेतृत्व पर भरोसा है। इससे पहले, उन्होंने केरल के अलप्पुझा में संवाददाताओं से कहा कि केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे राज्य में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रहीं ताकतों के लिए करारा जवाब हैं और यह दिखाते हैं कि जनता ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के पिछले एक दशक के 'राजनीतिक अहंकार और कुशासन' को भी नकार दिया है।

मुख्यमंत्री पद के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस के पास इसके लिए एक स्थापित आंतरिक प्रक्रिया है और जल्द ही फैसला कर लिया जाएगा। सनद रहे कि केरल विधानसभा की 140 सीट में से कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन यूडीएफ ने 102 सीट जीती हैं, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत एलडीएफ को महज 35 सीट पर संतोष करना पड़ा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article