इलेक्शन

'जनता के दबाव में हुई अनंत सिंह की गिरफ्तारी', मोकामा हिंसा पर बोले सचिन पायलट; नीतीश पर भी साधा निशाना

Bihar Elections 2025: कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्य की जनता से ज्यादा सत्ता और ‘‘कुर्सी’’ से प्यार है। ​​मोकामा से जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर पायलट ने कहा कि यह गिरफ्तारी जनता के दबाव में हुई है। राजग के नेता जंगलराज की बात करते हैं, लेकिन देखिए उनके शासन में क्या हो रहा है।

Image

कांग्रेस नेता सचिन पायलट (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Bihar Elections 2025: कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को आरोप लगाया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्य की जनता से ज्यादा सत्ता और ‘‘कुर्सी’’ से प्यार है। पटना में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद, बिहार में भाजपा की ‘‘बैसाखियां’’ छीन ली जाएंगी।

'BJP के सामने बेबस हो चुके नीतीश'

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का दावा किया था, लेकिन 250 सीटें भी नहीं ला पाई। केंद्र में सरकार बनाने के लिए उसे बिहार और आंध्र प्रदेश की बैसाखियों पर निर्भर रहना पड़ा।’’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘‘भाजपा के सामने बेबस’’ हो चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह वही नीतीश कुमार हैं, जिन्होंने एक समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा डीएनए पर सवाल उठाए जाने के बाद सैकड़ों बिहारवासियों के काटे हुए नाखून उन्हें कुरियर से भेजे थे। लेकिन अब कुर्सी से मोह ने उन्हें असहाय बना दिया है।’’

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ‘‘डबल इंजन’’ दावे पर हमला करते हुए पायलट ने कहा कि ‘‘यह डबल इंजन हर मोर्चे पर फेल हो गया है।’’

प्रधानमंत्री मोदी के रविवार को बिहार में रोड शो को लेकर पायलट ने सवाल किया, ‘‘मोदी जी बिहार आ रहे हैं, लेकिन बताइए, उन्होंने 1.25 लाख करोड़ रुपए के विशेष पैकेज, निवेश लाने, रोजगार सृजन करने और किसानों की आय दोगुनी करने के कितने वादे पूरे किए?’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिन सड़कों से गुजरेंगे, ‘‘उन सड़कों पर बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाई गई थीं।’’

पाटलय ने क्या कुछ कहा

राजग के घोषणापत्र को लेकर पायलट ने आरोप लगाया कि ‘‘गठबंधन (राजग) जनता को गुमराह कर रहा है और पुराने अधूरे वादों के बावजूद नये झूठे वादे कर रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राजग को पिछले 20 साल बिहार के विकास के लिए काम करने का मौका मिला, लेकिन उसने राज्य की तस्वीर नहीं बदली। अब फिर से नये वादों का झांसा दिया जा रहा है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार आज भी बेरोजगारी और पलायन से जूझ रहा है और ‘‘केवल सरकार में बदलाव ही इस स्थिति से लोगों को राहत दिला सकता है।’’

उन्होंने भरोसा दिलाया कि महागठबंधन अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे करेगा। रोजगार सृजन पर पायलट ने कहा, ‘‘अगर ठोस नीयत हो तो युवाओं के लिए व्यापक रोजगार उपलब्ध कराना संभव है।’’ उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ‘‘आसानी से बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर जाएगा।’’

अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर भी बोले पायलट

मोकामा से जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर पायलट ने कहा, ‘‘यह गिरफ्तारी जनता के दबाव में हुई है। राजग के नेता जंगलराज की बात करते हैं, लेकिन देखिए उनके शासन में क्या हो रहा है। यह कोई अलग घटना नहीं है, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन घटनाओं के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article