इलेक्शन

दो वोटर आईडी कार्ड रखकर बुरे फंसे प्रशांत किशोर, चुनाव आयोग ने जारी कर दिया नोटिस

जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग की ओर से दो वोटर आईडी रखने के मामले में प्रशांत किशोर को नोटिस जारी किया गया है।

Image

प्रशांत किशोर को मिला चुनाव आयोग से नोटिस (फोटो- @jansuraajofficial & Times Now Navbharat)

दो वोटर आईडी कार्ड मामले में जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर बुरी तरह से फंसते दिख रहे हैं। प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग की ओर से नोटिस जारी कर दिया गया है। प्रशांत किशोर का बिहार और पश्चिम बंगाल दोनों ही राज्यों में वोटर लिस्ट में नाम है, जो गैरकानूनी है।

सासाराम के रिटर्निंग ऑफिसर ने भेजा नोटिस

मिली जानकारी के अनुसार सासाराम जिले के रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रशांत किशोर को नोटिस भेजा है। रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रशांत किशोर से तीन दिन में जवाब मांगा है।

ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र में नाम

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार पश्चिम बंगाल में मतदाता के रूप में पंजीकृत किशोर का पता 121, कालीघाट रोड के रूप में दर्ज है, जो कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय का पता है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है। पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनावों के दौरान किशोर ने तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम किया था।

बिहार में कहां है प्रशांत किशोर का वोटर लिस्ट में नाम

बिहार में प्रशांत किशोर, सासाराम संसदीय क्षेत्र के करगहर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। उनका मतदान केंद्र रोहतास जिले के अंतर्गत मध्य विद्यालय, कोनार है। कोनार प्रशांत किशोर का पैतृक गांव है।

दो-दो वोटर लिस्ट में नाम गैरकानूनी

जन प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की धारा 17 और धारा 18 के अनुसार, कोई भी व्यक्ति एक से अधिक वोटर आईडी नहीं रख सकता है। एक से अधिक वोटर आईडी रखना या एक से अधिक चुनाव क्षेत्रों में वोटर आईडी रखना गैरकानूनी है। दो वोटर आईडी रखने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माने का भी प्रावधान है। हालांकि, मतदाता फॉर्म 8 भरकर अपना पता बदल सकता है या एपिक नंबर का प्रतिस्थापन कर सकता है। यह फॉर्म-8 त्रुटियों को सुधारने के लिए चुनाव आयोग का फॉर्म है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article