Ranchi Bengaluru Flight: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रविवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के लिए करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। रांची से बेंगलुरु जाने वाली इस फ्लाइट में देरी किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं, बल्कि एक यात्री की जान बचाने के लिए अचानक पड़ी आपातकालीन ऑक्सीजन की जरूरत की वजह से हुई।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX 1239 बेंगलुरु से उड़ान भरकर सुबह करीब 8:55 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंची। सफर के दौरान ही विमान में सवार एक यात्री को अचानक सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी। क्रू मेंबर्स ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए ऑन-बोर्ड मौजूद इमरजेंसी ऑक्सीजन सिलेंडर से मरीज को सहायता प्रदान की। विमान के रांची उतरने तक यात्री की स्थिति सामान्य और स्थिर हो चुकी थी, जिसके बाद वह सुरक्षित अपने घर चले गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: जयपुर हिंसा के बाद स्कूल का ठिकाना बदला, अब नई बिल्डिंग का ऐलान; CJP के आशुतोष रांका ने CM का जताया आभार
दिल्ली से मंगाने पड़े सिलेंडर, यात्री रहे परेशान
इस एमरजेंसी के कारण विमान में मौजूद बैकअप ऑक्सीजन सिलेंडरों का इस्तेमाल हो चुका था। उड्डयन सुरक्षा नियमों के तहत बिना पर्याप्त इमरजेंसी ऑक्सीजन बैकअप के अगली उड़ान भरना संभव नहीं था। रांची एयरपोर्ट पर तुरंत सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण एयरलाइन प्रबंधन को आपात स्थिति में नई दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम कर रांची मंगाना पड़ा।
करीब बजे फ्लाइट संख्या IX 1244 ने बेंगलुरु के लिए भरी उड़ान
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार सिंह के अनुसार, दिल्ली से ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचने और उन्हें विमान में सुरक्षित इंस्टॉल करने के बाद ही दोपहर 1:51 बजे फ्लाइट संख्या IX 1244 ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम और 5 घंटे की देरी के कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर थोड़ा इंतजार जरूर करना पड़ा, लेकिन एक मरीज की सुरक्षा और नियमों के पालन को देखते हुए स्थिति को संभाल लिया गया।
