देश

'ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ, कुछ लोग बस...', राष्ट्रगान के बीच जाने का VIDEO वायरल होने पर सतीश महाना ने दी सफाई

Satish Mahana Viral video: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का उन्नाव में गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान बज रहे राष्ट्रगान को बीच में छोड़कर जाने का वीडियो सामने आने के बाद भारी बवाल मच गया है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए माफी मांगने की बात कही। वहीं अब इस पूरे मामले पर यूपी विधानसभा अध्यक्ष का बयान आया है।

Image

राष्ट्रगान बीच में छोड़ चले सतीश महाना (फोटो: X/@INCIndia)

Satish Mahana Viral video: उत्तर प्रदेश की राजनीति में राष्ट्रभक्ति के मुद्दे पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान बज रहे राष्ट्रगान के पूरा होने से पहले ही सतीश महाना वहां से चले गए।

अब सतीश महाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मामले में सफाई दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो को लेकर सही तथ्यों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले। सतीश महाना ने बताया कि उन्नाव में जब उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, उसी समय प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के अंदर राष्ट्रगान शुरू हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों कार्यक्रम अलग-अलग जगहों पर हो रहे थे और उस समय वह ऑडिटोरियम के अंदर मौजूद नहीं थे।

सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है भ्रम-सतीश महाना

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो शेयर करके ऐसा भ्रम पैदा किया जा रहा है कि राष्ट्रगान के दौरान वह वहां से चले गए। सतीश महाना ने इसे पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक, उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने हमेशा संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे।

सतीश महाना ने मीडिया और पत्रकारों से भी अपील की कि किसी भी विषय पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच कर लें, ताकि गलत या भ्रामक जानकारी न फैले। इस वीडियो के सामने आने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोल दिया है।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर वीडियो शेयर करते हुए तीखा तंज कसा। कांग्रेस ने लिखा कि जो लोग दिन-रात दूसरों को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं, वे खुद राष्ट्रगान का सम्मान तक नहीं कर पा रहे हैं। पार्टी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या संवैधानिक पद पर बैठे किसी जिम्मेदार व्यक्ति के पास राष्ट्रगान के सम्मान में महज 52 सेकेंड खड़े रहने का समय भी नहीं है? कांग्रेस ने इसे हिंदुस्तान की संप्रभुता, इतिहास और संस्कृति का अपमान करार देते हुए कहा कि इस हरकत से देशवासी बेहद गुस्से में हैं।

वंदे मातरम विवाद के बीच राष्ट्रगान पर गहराया नया संग्राम

कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सतीश महाना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरी भाजपा से देश के सामने माफी मांगने की मांग की है। यह नया विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब देश में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को लेकर पहले से ही दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग जारी है।

वंदे मातरम को लेकर बीजेपी आक्रमक

हाल ही में स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में झंडारोहण के दौरान पूरा 'वंदे मातरम' बजाने पर विवाद खड़ा हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी द्वारा गीत के दो छंदों के बाद उसे रोकने का इशारा करने वाला वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और राष्ट्रीय गीत के टुकड़े करने का आरोप लगाया था। अब सतीश महाना के इस ताजा वीडियो ने कांग्रेस को पलटवार करने और योगी सरकार को बैकफुट पर धकेलने का बड़ा मौका दे दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article