इलेक्शन

कांग्रेस की राह पर चली बसपा, बिहार में निकालेगी राज्यव्यापी यात्रा; 10 सितंबर को कैमूर से होगी शुरू

Bihar Elections 2025: बसपा ने इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है। बसपा के बिहार प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि इस बार पार्टी राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 10 सितंबर से एक राज्यव्यापी यात्रा शुरू करने जा रही है।

Image

बसपा प्रमुख मायावती (फाइल फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

Bihar Elections 2025: बसपा ने इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी घोषणा की है। बसपा ने पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। बसपा के बिहार प्रभारी अनिल कुमार ने गुरुवार को पूर्वी चंपारण के मुख्यालय मोतिहारी में कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की।

बसपा की क्या है योजना?

बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार बसपा राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि न एनडीए और न ही महागठबंधन से कोई समझौता किया जाएगा। अनिल कुमार ने कहा कि जनता अब दोनों बड़े गठबंधनों से तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा, "एनडीए और महागठबंधन दोनों ने जनता से सिर्फ झूठे वादे कर उन्हें ठगने का काम किया है। अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है और वह बदलाव बहुजन समाज पार्टी लेकर आएगी।"

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, अनिल कुमार ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी 10 सितंबर से एक राज्यव्यापी यात्रा शुरू करने जा रही है, जो कैमूर जिले से प्रारंभ होगी। यह यात्रा बिहार के जिलों में जाएगी और आम जनता से संवाद स्थापित करेगी। इस यात्रा का मकसद कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को पहुंचाना है। अनिल कुमार ने कहा, "इसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे और यह यात्रा 18 सितंबर को मोतिहारी भी पहुंचेगी।"

'हर आदमी की आवाज है बसपा'

बसपा प्रभारी ने कहा कि पार्टी मायावती की विचारधारा और महापुरुषों के सिद्धांतों पर चलती है। अनिल कुमार ने कहा, "बसपा एक ऐसी पार्टी है, जो किसी विशेष वर्ग की नहीं, बल्कि हर आम आदमी की आवाज है। हम सत्ता के लिए नहीं, समाज के अंतिम व्यक्ति की भलाई के लिए चुनाव लड़ते हैं। बसपा महापुरुषों की विचारधारा से चलने वाली पार्टी है। हमारी पार्टी बिहार की जनता के साथ गठबंधन करेगी।"

मोतिहारी में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्हें चुनाव को लेकर दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article