India US Joint Military Exercise: भारत और अमेरिका के बीच अलास्का में एक से 14 सितंबर के बीच सैन्य अभ्यास हो रहा है। चौदह दिवसीय ‘भारत-अमेरिका युद्ध अभ्यास 2025’ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और ‘टैरिफ’ नीतियों को लेकर नई दिल्ली और वाशिंगटन के मध्य तनावपूर्ण संबंधों के बीच आयोजित हो रहा है।
कौन सी रेजिमेंट के जवान हुए शामिल
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस अभ्यास में भारत की ओर से मद्रास रेजिमेंट के जवान भागीदारी कर रहे हैं। युद्ध अभ्यास में तोपखाने, विमानन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का एकीकृत उपयोग शामिल है। दो हफ्तों तक चलने वाले युद्धाभ्यास में हेलीकॉप्टर संचालन, निगरानी संसाधनों और मानवरहित हवाई प्रणालियों का इस्तेमाल, रॉक क्राफ्ट, पर्वतीय युद्ध, चिकित्सा सहायता सहित कई सामरिक अभ्यास किए जाएंगे।
क्या है युद्धाभ्यास का मकसद
यह युद्धाभ्यास संयुक्त रूप से नियोजित और क्रियान्वित समारिक युद्धाभ्यासों के साथ समाप्त होगा जिसमें लाइव-फायर एक्सरसाइज से लेकर हाई एल्टीट्यूड वाले युद्ध परिदृश्य शामिल होंगे जिसका मकसद संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों की क्षमताओं में सुधार और बहु-क्षेत्रीय चुनौतियों के लिए तैयारियों को सुदृढ़ करना है।
