इलेक्शन

BJP के कारण बताओ नोटिस पर जयंत सिन्हा का आया जवाब, मतदान और प्रचार से दूरी पर कही ये बात

Jayant Sinha: झारखंड भाजपा महासचिव आदित्य साहू के पत्र का जवाब देते हुए सिन्हा ने कहा है कि उन्होंने पोस्टल बैलेट से मतदान किया क्योंकि 'निजी कारणों' की वजह से वह विदेश में थे। साहू ने सिन्हा को भेजे अपने पत्र में लिखा है कि चुनाव प्रचार से दूरी बनाने और मतदान न करने की वजह से पार्टी की छवि धूमिल हुई।

Image

हजारीबाग से अभी मौजूदा सांसद हैं जयंत सिन्हा।

Jayant Sinha: पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने चुनाव में वोट न डालने और पार्टी के लिए प्रचार नहीं करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिले कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया है। झारखंड भाजपा महासचिव आदित्य साहू के पत्र का जवाब देते हुए सिन्हा ने कहा है कि उन्होंने पोस्टल बैलेट से मतदान किया क्योंकि 'निजी कारणों' की वजह से वह विदेश में थे। हजारीबाग से मौजूदा सांसद ने कहा कि 'आपका पत्र पाकर मैं बहुत हैरान हुआ। मुझे यह भी पता चला कि इस पत्र को आपने मीडिया में भी जारी कर दिया है।'

मैंने अपना समर्थन भाजपा प्रत्याशी को दिया-सिन्हा

साहू ने सिन्हा को भेजे अपने पत्र में लिखा है कि चुनाव प्रचार से दूरी बनाने और मतदान न करने की वजह से पार्टी की छवि धूमिल हुई। आपने हजारीबाग सीट से भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल के लिए प्रचार भी नहीं किया और आप पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, इस आरोप पर उन्होंने कहा, 'पार्टी ने मनीष जायसवाल को प्रत्याशी बनाया। इसके लिए मैंने आठ मार्च 2024 को उन्हें शुभकामनाएं दीं, इससे मेरा समर्थन जाहिर होता है।'

'चुनाव-प्रचार के लिए मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया'

उन्होंने आगे कहा, 'चुनाव-प्रचार के लिए पार्टी को यदि मेरी जरूरत थी तो आप निश्चित रूप से मुझसे संपर्क किए होते। लेकिन झारखंड का कोई सांसद, विधायक या किसी पदाधिकारी ने इसके लिए मुझसे संपर्क नहीं किया। पार्टी के किसी भी कार्यक्रम, रैली अथवा संगठनात्मक बैठकों के लिए मुझे बुलाया नहीं गया।' बता दें कि सिन्हा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को पहले ही बता चुके थे कि वह 2024 का चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उन्हें 'चुनाव के दायित्वों एवं कर्तव्यों' से मुक्त रखा जाए।

चुनाव प्रचार से दूर रहे जयंत

झारखंड में लोकसभा चुनाव में भाजपा सांसद चुनाव प्रचार से दूर रहे। हालांकि, वहीं कई मौके पर जयंत सिन्हा के पुत्र कांग्रेस उम्मीदवार के मंच पर दिखे। इससे कई तरह की अटकलें लगाई जानें लगीं। जबकि जयंत सिन्हा के पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने खुलकर भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल का विरोध किया। जयंत सिन्हा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे यशवंत सिन्हा के पुत्र हैं। यशवंत वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रह चुके हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article