दुनिया

Russia Ukraine War: जेलेंस्की के गृहनगर पर दो लोगों की मौत, 60 घायल; रूसी मालवाहक जहाज पर भी बरपा कहर

Russia-Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में किये गए रूस के हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए। मध्य यूक्रेन के एक शहर में शुक्रवार रात हुए हमले में सात साल के एक लड़के और 20 साल की एक महिला की मौत हो गई।

Image

रूस ने जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में बरपाया कहर

Photo : AP

Russia-Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में किये गए रूस के हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए। इस बीच, फिनिश और रूसी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को फिनलैंड की खाड़ी में, कलिनिनग्राद जा रहे एक रूसी मालवाहक जहाज में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। फिनलैंड के प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी है कि यह युद्ध अब इस क्षेत्र में भी फैल रहा है।

मध्य यूक्रेन के एक शहर में शुक्रवार रात हुए हमले में सात साल के एक लड़के और 20 साल की एक महिला की मौत हो गई। शहर प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल ने टेलीग्राम पर यह जानकारी दी। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कल ने बताया कि इस हमले में 60 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।

25 इमारतों और अस्पताल को हुआ भारी नुकसान

उन्होंने बताया कि इस हमले के कारण चार जगहों पर आग लग गई और लगभग 25 इमारतों, एक अस्पताल, स्कूलों, औद्योगिक इकाइयों, साथ ही कई व्यवसायों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। यह हमला यूक्रेन के उन हमलों के जवाब में मॉस्को की ओर से की गई कड़ी जवाबी कार्रवाई के तरीके से मेल खाता है, जैसा कि रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर किया गया हालिया हमला था।

सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में जब जेलेंस्की से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पुतिन को ''हत्यारा'' बताया। जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा, ''हमारे लिए, वह एक दुश्मन हैं। और जाहिर है, हमारे लिए वह एक हत्यारे हैं।'' यूक्रेन की सरकारी आपात सेवा ने शनिवार को बताया कि देश के खार्किव इलाके में पांच मंजिला इमारत पर रूसी ड्रोन के हमले में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। राजधानी कीव में भी रूसी हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है।

रूस में, स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ब्रियांस्क और बेलगोरोद सीमावर्ती क्षेत्रों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में तीन लोग घायल हुए हैं। कीव में ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग के साथ एक बैठक में, जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि क्रीमिया को रूस की मुख्य भूमि से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर यूक्रेन के बार-बार किए गए हमले, यूक्रेनी पुलों पर रूस द्वारा किए गए कई हमलों का एक "उचित जवाब" है।

'पुतिन ने यूक्रेनी पुलों पर 109 बार किए हमले'

जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि "पुतिन ने यूक्रेनी पुलों पर 109 बार हमले किए हैं।" उन्होंने कहा, "यह मिसाइलों की संख्या नहीं, बल्कि हमलों की संख्या है। यह महत्वपूर्ण है, और इसलिए यह हमारा पूरी तरह से उचित जवाब है।" यूक्रेनी नेता ने कहा कि पुतिन "युद्ध रोकना नहीं चाहते" और इसे और बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने पुतिन के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि केर्च पुल का इस्तेमाल सिर्फ आम नागरिकों के आवागमन के लिए होता है।

यूक्रेनी नेता ने कहा, ''अगर वे इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं, तो वे इसका उपयोग करके टैंक, बख्तरबंद गाड़ियां और तोपें देख सकते हैं।'' स्ट्रीटिंग ने पोलैंड के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन को "बेहद उकसावे वाली हरकत" बताया और सहयोगियों से आग्रह किया कि वे यूक्रेन को अपना समर्थन बढ़ाकर इसका जवाब दें। उन्होंने कहा, "वे यूरोप को यूक्रेन का समर्थन करने से रोकने की जितनी कोशिश करेंगे, हम अपना समर्थन उतना ही बढ़ाएंगे।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article