बुर्का पहनकर आने वाली महिला मतदाताओं के सत्यापन की मांग
विधायक अजय महावर और मोहन सिंह बिष्ट, प्रदेश सचिव किशन शर्मा और वकील नीरज गुप्ता के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली के सीईओ से मुलाकात की और एक ज्ञापन सौंपा। इसमें 25 मई को दिल्ली में मतदान करने के लिए बुर्का पहनकर आने वाली महिला मतदाताओं के उचित सत्यापन की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले महावर ने कहा कि जो लोग बुर्का या फेस मास्क पहनकर मतदान करने आते हैं, उन्हें पूरी जांच के बाद ही मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए। एक महिला अधिकारी या महिला पुलिस अधिकारी को उनके चेहरे की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों से किसी भी तरह की फर्जी या धांधली वाली वोटिंग नहीं होनी चाहिए। सीईओ ने दिल्ली भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह इस मामले में हर संभव कानूनी विकल्प पर विचार करेंगे और किसी भी प्रकार के फर्जी मतदान को रोकने का प्रयास करेंगे।
माधवी लता ने की थी जांच, हुआ था विवाद
हैदराबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही पार्टी उम्मीदवार माधवी लता का एक मतदान केंद्र पर मुस्लिम महिला मतदाताओं की पहचान की जांच करते हुए एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद पैदा होने के कुछ दिनों बाद दिल्ली भाजपा ने यह कदम उठाया। वीडियो में लता को विशेष रूप से बुर्का पहने मुस्लिम महिलाओं से सत्यापन के लिए अपना नकाब हटाने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने माधवी लता के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
