एजुकेशन

India और अन्य देशों के बीच टाइम में कितना फर्क है, जानें दुबई और भारत के बीच घंटों का अंतर

अक्सर विदेश में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और दोस्तों से बात करने के लिए हमे एक बीच का समय तय करना पड़ता है, क्योंकि कई बार वहां दिन और यहां रात होती है। आइए जानते हैं भारत और अन्य देशों के बीच टाइम के अंतर के बारे में विस्तार से।

Image

India और अन्य देशों के बीच टाइम में कितना फर्क है? (Photo - AI)

आज इस ग्लोबलाइज्ड दुनिया में लगभग हर व्यक्ति का कोई न कोई रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी, बिजनेस पार्टनर या जान-पहचान का व्यक्ति विदेश में रहता है। अक्सर विदेश में रहने वाले करीबियों से बात करने के लिए एक समय तय करना पड़ता है। सिर्फ बातचीत करने के लिए ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल फ्लाइट बुक करने के लिए भी हमें अक्सर दोनों देशों के बीच समय के अंतर (Time Difference) को समझना पड़ता है। लेकिन इस बीच आपने कभी भी यह जानने का प्रयास किया कि ऐसा होता क्यों हो। तो आइए समय के अंतराल को समझते हुए जानें भारत का समय दुनिया के अन्य प्रमुख देशों या दुबई से कितना अलग है? आइए जानते हैं इसका जवाब।

देशों के बीच समय के इस अंतर की मुख्य वजह क्या है?

दुनिया के अलग-अलग देशों में समय का अंतर पृथ्वी के अपनी धुरी पर घूमने के कारण होता है। पृथ्वी गोल है और जब इसके एक हिस्से पर सूरज की रोशनी पड़ती है तो वहां दिन होता है, जबकि दूसरे हिस्से में अंधेरा यानी रात होती है। बता दें कि पूरी दुनिया में समय को व्यवस्थित करने के लिए जीएमटी (GMT - Greenwich Mean Time) या यूटीसी (UTC - Coordinated Universal Time) को मानक माना गया है। दुनिया के सभी देश इसी मुख्य समय रेखा से आगे या पीछे चलते हैं। इसमें भारत का मानक समय (IST - Indian Standard Time) इस मुख्य समय रेखा से 5 घंटे 30 मिनट आगे है।

दुबई और भारत के बीच समय का अंतर

अब बात करते हैं भारत (India) के सबसे पसंदीदा ट्रैवल डेस्टिनेशन और बिजनेस हब दुबई (संयुक्त अरब अमीरात - UAE) के समय के बारे में। दुबई का समय 'गल्फ स्टैंडर्ड टाइम' (GST) के अनुसार चलता है, जो यूटीसी से 4 घंटे आगे है। अब अगर बात करें भारत और दुबई के बीच टाइम के अंतर (Time Gap)की तो भारत का समय दुबई के समय से 1 घंटा 30 मिनट यानी डेढ़ घंटा आगे रहता है। उदाहरण के तौर पर, जब भारत में दोपहर के 12:00 बजे होते हैं, तो उस वक्त दुबई में सुबह के 10:30 बजे होंगे। इसी तरह, अगर दुबई में शाम के 4:00 बजे हैं, तो भारत में शाम के 5:30 बज रहे होंगे। इसलिए, जब भी आप दुबई में रहने वाले किसी करीबी को फोन करें, तो घड़ी में डेढ़ घंटा घटाकर ही सही समय का अंदाजा लगा पाएंगे।

दुनिया के अन्य प्रमुख देशों और भारत के समय में फर्क

केवल दुबई ही नहीं, दुनिया के अन्य देशों और भारत के समय के बीच भी बड़ा अंतर देखने को मिलता है। आइए जानते हैं अन्य प्रमुख देशों के बाद भारत के समय में क्या अंतर है

1. अमेरिका (USA): अमेरिका बहुत बड़ा देश है और वहां कई टाइम ज़ोन हैं। उदाहरण के लिए, न्यूयॉर्क (पूर्वी समय) भारत से लगभग 9 घंटे 30 मिनट पीछे चलता है। यानी जब भारत में रात होती है, तब वहां दिन की शुरुआत होती है।

2. ब्रिटेन (UK): लंदन का समय भारत से 5 घंटे 30 मिनट पीछे होता है। हालांकि, गर्मियों में 'डेलाइट सेविंग' (DST) लागू होने पर यह अंतर घटकर 4 घंटे 30 मिनट रह जाता है।

3. ऑस्ट्रेलिया (Australia): सिडनी का समय भारत से करीब 4 घंटे 30 मिनट आगे चलता है। यानी भारत में सुबह होने से पहले ही वहाँ दोपहर होने वाली होती है।

4. सऊदी अरब (Saudi Arabia): सऊदी अरब का समय भारत से 2 घंटे 30 मिनट पीछे है।

5. जापान (Japan): जापान के टोक्यो का समय भारत के समय से 3 घंटे 30 मिनट आगे है।

कई बार देखा गया है कि भारत में होने वाली प्रमुख प्रतियोगिता परीक्षाओं में दो देशों के बीच टाइम जोन से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। इन प्रश्नों के उत्तर आप आसानी से दे सकें उसके लिए आपको इसके बारे में विस्तृत तौर पर जानना जरूरी है। ऊपर दी गई जानकारी परीक्षा की तैयारी में आपके लिए मददगार साबित हो सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article