एजुकेशन

UPPCB Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में नौकरी का मौका, जानें कौन कर सकता है आवेदन

UPPCB Vacancy 2026 Notification: UPPCB ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत असिस्टेंट एनवायर्नमेंटल इंजीनियर और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के कुल 40 अस्थायी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

Image

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में नौकरी

UPPCB Vacancy 2026 Notification: उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के तहत असिस्टेंट एनवायर्नमेंटल इंजीनियर और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के कुल 40 अस्थायी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें असिस्टेंट एनवायर्नमेंटल इंजीनियर के 26 और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के 14 पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 28 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 28 मार्च 2026 को शाम 6 बजे बंद हो जाएगी। यह भर्ती पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत की जाएगी और सभी पदों का कैटेगरी-वाइज आरक्षण लागू होगा।

एसटी वर्ग के लिए नहीं है वैकेंसी

पदों के आरक्षण की बात करें तो असिस्टेंट एनवायर्नमेंटल इंजीनियर के लिए 11 पद अनारक्षित, 7 ओबीसी, 6 एससी और 2 ईडब्ल्यूएस के लिए रखे गए हैं। इस पद पर एसटी वर्ग के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। वहीं असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के लिए 6 अनारक्षित, 4 ओबीसी, 3 एससी और 1 ईडब्ल्यूएस पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सरकारी नियमों के अनुसार दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक आदि के लिए हॉरिजॉन्टल रिजर्वेशन भी लागू रहेगा।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से UPPCB के आधिकारिक पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म भरते समय सभी निर्देशों का ध्यान रखना होगा, क्योंकि अधूरा या गलत भरा हुआ फॉर्म रद्द किया जा सकता है। आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को उसकी एक प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखनी चाहिए। फॉर्म सबमिट होने के बाद नाम, पद, जन्मतिथि, कैटेगरी और संपर्क विवरण में कोई बदलाव मान्य नहीं होगा। एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी जानकारी भी इसी पोर्टल पर जारी की जाएगी।

कितनी है आवेदन शुल्क

आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है। अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 2000 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी और एसटी वर्ग के लिए यह शुल्क 1000 रुपये रखा गया है। दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी आवेदन में गलती करता है तो वह निर्धारित अंतिम तिथि के भीतर नई फीस जमा कर दोबारा आवेदन कर सकता है।

क्या होनी चाहिए योग्यता

योग्यता की बात करें तो असिस्टेंट एनवायर्नमेंटल इंजीनियर पद के लिए केमिकल, सिविल या एनवायर्नमेंटल इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के लिए केमिस्ट्री, जूलॉजी, बॉटनी या बायोकेमिस्ट्री में मास्टर डिग्री के साथ कम से कम पांच साल का अनुभव या डॉक्टरेट डिग्री के साथ तीन साल का अनुभव होना चाहिए। उम्मीदवार की आयु सीमा 21 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसमें आरक्षित वर्गों, दिव्यांगजनों, भूतपूर्व सैनिकों और राज्य सरकार के कर्मचारियों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।

कैसे होगा चयन

चयन प्रक्रिया में सबसे पहले 400 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित विषय और जनरल एप्टीट्यूड से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद 70 अंकों का इंटरव्यू लिया जाएगा। इंटरव्यू के समय उम्मीदवारों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। कुल मिलाकर चयन 470 अंकों के आधार पर किया जाएगा। बोर्ड को परीक्षा केंद्र आवंटन और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द करने का पूरा अधिकार होगा।

जो अभ्यर्थी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सरकारी नौकरी करने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए UPPCB की यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर है। समय रहते आवेदन करना और सभी दस्तावेज तैयार रखना उम्मीदवारों के लिए फायदेमंद रहेगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article