शहर

Gujarat News: सुरेंद्रनगर के मेलडी माता मंदिर में सेंधमारी से हड़कंप, 29 चांदी के छत्र लेकर फरार हुए बदमाश

Gujarat News: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के ध्रांगध्रा में स्थित बोरवाला मेलडी माता मंदिर में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में पहुंचे और वहां श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए 29 चांदी के छत्र लेकर फरार हो गए।

Gujarat News: गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के ध्रांगध्रा इलाके में स्थित बोरवाला मेलडी माता मंदिर में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। मानसरोवर तालाब के समीप स्थित मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का नकुचा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गर्भगृह में रखे चांदी के 29 छत्र चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए छत्रों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

मुख्य दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ मिला

जानकारी के अनुसार मंदिर में पूजा-पाठ और सेवा का कार्य करने वाले नवघनभाई कणझरिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 8 बजे पूजा की व्यवस्था पूरी करने के बाद मंदिर को बंद कर वह अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ दिखाई दिया। इससे उन्हें चोरी होने का संदेह हुआ।

31 चांदी के छत्रों में से 29 गायब मिले

मंदिर के अंदर जाकर गर्भगृह की जांच की गई तो चांदी के छत्रों की चोरी का पता चला। वहां कुल 31 चांदी के छत्र रखे हुए थे, जिनमें से 29 गायब मिले। बताया गया है कि ये सभी छत्र अलग-अलग श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा के अनुसार देवी को अर्पित किए थे। इसी वजह से इनके खरीद संबंधी बिल या अन्य दस्तावेज मंदिर के पास उपलब्ध नहीं हैं। चोरी हुए छत्रों का कुल वजन भी फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

छत्रों को बरामद करने के लिए जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही ध्रांगध्रा सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस अब मंदिर के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साथ ही चोरी गए चांदी के छत्रों को बरामद करने के लिए भी जांच जारी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article