एजुकेशन

आईआईटी धनबाद में एडमिशन पाने वाले दलित छात्र की मदद करेगी योगी सरकार, पूरी फीस देने की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले दलित छात्र अतुल कुमार को आईआईटी धनबाद में प्रवेश दिलाने के लिए अब योगी सरकार मदद के लिए आगे आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत निर्देश देते हुए अतुल के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा।

Image

UP CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले दलित छात्र अतुल कुमार को आईआईटी धनबाद में प्रवेश दिलाने के लिए अब योगी सरकार मदद के लिए आगे आई है। प्रदेश की छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत, समाज कल्याण विभाग आईआईटी में लगने वाली पूरी फीस को स्कॉलरशिप के माध्यम से वहन करेगा, जिससे अतुल की शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुजफ्फरनगर जिले के खतौली तहसील के टिटोडा गांव के निवासी राजेंद्र कुमार, जो एक दिहाड़ी मजदूर हैं, के बेटे अतुल कुमार का आईआईटी धनबाद में प्रवेश फीस जमा न हो पाने के कारण रुक गया था। अतुल ने आईआईटी जेईई परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग शाखा में सीट पाई थी, लेकिन 24 जून तक फीस जमा न कर पाने के कारण उसका एडमिशन अटक गया।

परिवार ने सभी प्रयास करने के बाद सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और मामले के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में आने के बाद सरकार ने छात्र की पूरी मदद करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने तुरंत निर्देश देते हुए अतुल के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा।

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने छात्र के परिजनों से फोन पर बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य सरकार छात्र की पूरी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। साथ ही, योगी सरकार ने आईआईटी धनबाद से भी संपर्क कर एडमिशन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल के अंतर्गत, न केवल छात्र अतुल की शुरुआती फीस जमा की जाएगी, बल्कि चार साल की पूरी पढ़ाई के दौरान लगने वाली फीस भी स्कॉलरशिप के माध्यम से दी जाएगी। इस फैसले से प्रदेश सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के छात्रों को उनकी प्रतिभा के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कोई अड़चन नहीं आने दी जाएगी।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!