कई बार ऐसा होता है कि दिनभर की भागदौड़ के बाद जब हम रात में सोने के लिए बिस्तर पर जाते हैं, तो शरीर तो थक कर लेट जाता है, लेकिन दिमाग चलता ही रहता है। ऑफिस की टेंशन, घर की जिम्मेदारियां, दिनभर की बातें और कल क्या करना है..ये सब ख्याल मन में घूमते रहते हैं। ऐसे में दिनभर की थकान और रात के सुकून के बीच थोड़ा ठहराव लाने का सबसे आसान तरीका है 'ओम' का जाप करना।
इतना ताकतवर क्यों है 'ओम'?
हमारी पुरानी मान्यताओं और आध्यात्मिक विश्वास के मुताबिक 'ओम' को प्रणव मंत्र कहा जाता है। ऐसी आस्था है कि पूरी दुनिया की शुरुआत इसी पहली आवाज से हुई थी और हर चीज में इसी की गूंज है। जब आप दिन खत्म होने पर 'ओम' बोलते हैं, तो आपका मन बाहरी शोर से कटकर अंदर की शांति से जुड़ने लगता है। यह आपके दिमाग और नसों को शांत करने का एक बेहद आसान उपाय है। इसके लिए आपको बस चंद मिनट चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सद्गुरु से सीखें सुकून भरा जीवन जीने की कला
सोने से पहले 'ओम' का जाप कैसे करें?
- रात को सोने से पहले किसी शांत जगह पर आराम से बैठ जाएं। अपनी कमर सीधी रखें और आंखें बंद कर लें।
- अगर आप जोर से नहीं बोल सकते, तो मन ही मन 'ओम' बोलें और अपनी सांसों पर ध्यान दें।
- सांस अंदर लेते समय मन में 'आ', सांस को हल्का सा रोकते समय 'ऊ' और सांस बाहर छोड़ते समय 'म' की आवाज महसूस करें।
- इस दौरान आपका पूरा ध्यान अपनी सांस और इस आवाज पर होना चाहिए। अगर दिमाग फिर से दिनभर की बातों में उलझने लगे, तो खुद पर गुस्सा न करें, बस प्यार से अपना ध्यान वापस 'ओम' पर ले आएं।
- आप अपनी सुविधा के हिसाब से इसे 1, 3, 7 या 21 बार दोहरा सकते हैं। इसमें किसी तरह की जल्दबाजी न करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अयोध्या के रामलला की मूर्ति बनने की अनसुनी दास्तान बयां करती है यह किताब
सुकून का रामबाण है यह मंत्र
यह जरूरी नहीं है कि रात को सोने से पहले आपको अपनी हर परेशानी का हल मिल ही जाए। कई बार दिमाग को बस थोड़ा रुकने और आराम करने की जरूरत होती है। सोने से पहले 'ओम' बोलने की यह छोटी सी आदत आपके मन का बोझ हल्का कर सकती है और आपको एक गहरी और सुकून भरी नींद दे सकती है।
