तमिलनाडु में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य की सरकारी भर्तियों में अधिकतम उम्र सीमा को पांच साल बढ़ाने का आदेश दिया है। यह छूट अगले पांच साल तक लागू रहेगी। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को पहले से मिलने वाली आयु सीमा में छूट के अलावा इसका फायदा मिलेगा। सरकार ने यह फैसला प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया है। इससे उन अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अतिरिक्त मौका मिलेगा, जो उम्र सीमा पार होने के कारण सरकारी भर्ती से बाहर हो जाते थे।
तमिलनाडु की ग्रुप-1 सेवाओं में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा पहले 32 साल थी, जिसे बढ़ाकर 37 साल कर दिया गया है। वहीं आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह सीमा 37 से बढ़कर 42 साल हो जाएगी। दिव्यांग उम्मीदवारों को भी इस फैसले से फायदा मिलेगा। सामान्य वर्ग के दिव्यांग अभ्यर्थियों की अधिकतम उम्र अब 47 साल और आरक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों की 52 साल होगी।
ग्रुप-2 और 2ए की भर्तियों में भी राहत
ग्रुप-2 और 2ए सेवाओं में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पहले से अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं थी। वहीं सामान्य वर्ग के लिए यह सीमा 30 साल थी। नए आदेश के बाद इसे बढ़ाकर 35 साल कर दिया गया है। सामान्य वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों की उम्र सीमा भी 40 से बढ़ाकर 45 साल कर दी गई है।
पांच साल तक मिलेगा फैसले का लाभ
सरकार की ओर से दी गई यह अतिरिक्त छूट पांच साल तक लागू रहेगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को आवेदन के लिए ज्यादा समय मिलेगा। हालांकि, अभ्यर्थियों को किसी भी भर्ती का फॉर्म भरने से पहले संबंधित विभाग का नोटिफिकेशन जरूर देखना चाहिए, क्योंकि पद और श्रेणी के अनुसार अन्य पात्रता शर्तें भी लागू रहेंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 3 नवंबर को शिक्षकों को मिलेगी छुट्टी
