एजुकेशन

RPSC ने बढ़ाए सब-इंस्पेक्टर और सहायक अभियंता के पद, जानें अब कुल कितने पदों पर भर्ती

​राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 तथा सहायक अभियंता भर्ती-2024 के पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। आयोग द्वारा इन दोनों भर्तियों के लिए नवीन वर्गवार वर्गीकरण के संबंध में शुद्धि-पत्र जारी कर दिया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Image

RPSC ने बढ़ाए सब-इंस्पेक्टर और सहायक अभियंता के पद

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सब-इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 तथा सहायक अभियंता भर्ती-2024 के पदों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। आयोग द्वारा इन दोनों भर्तियों के लिए नवीन वर्गवार वर्गीकरण के संबंध में शुद्धि-पत्र जारी कर दिया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग द्वारा जारी शुद्धि पत्र संख्या 06/2026-27 के अनुसार, गृह (ग्रुप-1) विभाग के लिए उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर के कुल 1015 पदों पर भर्ती के लिए पूर्व में विज्ञापन जारी किया गया था। विभाग से प्राप्त संशोधित अर्थना के अनुसार, अब उप निरीक्षक (ए.पी.) नॉन-शेड्यूल एरिया के पदों में 61 पदों की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब इस कैटेगरी में कुल पदों की संख्या 896 से बढ़कर 957 हो गई है। उप निरीक्षक (एपी) शेड्यूल एरिया, सहरिया, उप निरीक्षक (आइबी) व प्लाटून कमांडर के पूर्व विज्ञापित पदों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

सहायक अभियंता -सिविल (जल संसाधन विभाग) : 179 पद

सहायक अभियंता भर्ती-2024 अंतर्गत सहायक अभियंता -सिविल (जल संसाधन विभाग) के पदों में वृद्धि के संबंध में शुद्धि पत्र संख्या 05/2026-27 जारी किया गया है। उक्त भर्ती अंतर्गत सहायक अभियंता के कुल 1014 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2024 में विज्ञापन जारी किया गया था। अब इसमें जल संसाधन विभाग हेतु सहायक अभियंता (सिविल) के पदों में 23 पदों की वृद्धि की गई है। इसके फलस्वरूप विभाग से प्राप्त नवीन अर्थना के अनुसार कुल पदों की संख्या 156 से बढ़कर अब 179 हो गई है।

संरक्षण अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 2025 का पाठ्यक्रम जारी

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा संरक्षण अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) प्रतियोगी परीक्षा, 2025 का पाठ्यक्रम अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। पाठ्यक्रम आरपीएससी की वेबसाइट पर https://rpsc.rajasthan.gov.in पर 'Protection Officer, 2025' के नाम से उपलब्ध है।

सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) की विचारित सूची

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 अंतर्गत विभिन्न विषयों की परीक्षा के तहत पात्रता जांच हेतु विचारित सूचियां जारी की गई है। इसमें सुपर स्पेशियलिटी-न्यूरो सर्जरी के 34, नेफ्रोलॉजी के 9, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के 20 एवं पेडियाट्रिक्स सर्जरी के 8 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से सम्मिलित किया गया है। विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग सचिव ने बताया कि यह सूचियां चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता सुनिश्चित करने के क्रम में केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से है। यह साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची नहीं है। साक्षात्कार के लिए अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची दस्तावेज सत्यापन के पश्चात उक्त पद हेतु वांछित योग्यता अनुसार पात्र पाए गए अभ्यर्थियों में से जारी की जाएगी।

उक्त विचारित सूचियों में अस्थाई रुप से सम्मिलित किये गये अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाईट से डाउनलोड कर 02 प्रतियों में उसे पूर्ण रुप से भरकर मय समस्त शैक्षणिक / प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य वांछित प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रति के दिनांक 12 जून 2026 सायं 6 बजे तक आवश्यक रुप से आयोग कार्यालय में भिजवाना होगा । आयोग द्वारा अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच विज्ञापन की शर्तों / नियमों के अनुसार की जावेगी। पात्रता की समस्त शर्तें नियमानुसार पूर्ण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता आयोग द्वारा रद्द कर दी जायेगी।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघव author

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर... और देखें

End of Article