NEET UG 2024 Tie Breaking Rules: देश के टॉप मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए नीट यूजी परीक्षा 5 मई 2024 को आयोजित की जाएगी। नीट यूजी परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया बंद होने वाली है। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से एक बार फिर नीट यूजी में ट्राई ब्रेकिंग के नियमों में बदलाव किया गया है। बता दें कि किसी दो या उससे अधिक छात्रों का नंबर बराबर आने की स्थिति में टाई ब्रेकिंग फॉर्मूले का इस्तेमाल होता है।
नीट यूजी 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 9 फरवरी 2024 से जारी है। इसमें रजिस्ट्रेशन करने के लिए कैंडिडेट्स को 16 मार्च 2024 तक का समय दिया गया है। ऐसे में रजिस्ट्रेशन शुरू होने के एक महीने बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से नीट यूजी के लिए नियमों में बदलाव किए गए हैं।
NEET UG में NTA का यू-टर्न
साल 2022 की नीट यूजी की परीक्षा में कुल 9 नियमों में से लास्ट के 2 नियमों में बदलाव किया गया था। इन दो नियमों को हटाकर सिर्फ सात नियम ही जारी किए गए थे। अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने एक बार फिर से उन्हीं नियमों को अपना लिया है।
नीट यूजी के लिए टाई ब्रेकिंग नियम
दो या उससे अधिक छात्रों का नंबर बराबर आने की स्थिति में टाई ब्रेकिंग फॉर्मूला फॉलो किया जाता है। इसमें मेरिट लिस्ट में किसे पहले रखना है यह तय होता है। नए नियमों में नीचे बताए फॉर्मूले से मेरिट लिस्ट तैयारी होगी-
- छात्रों के बराबर नंबर आने पर उनकी रैंक तय करने के लिए बायोलॉजी के नंबर देखे जाएंगे।
- जिसके बायोलॉजी में बॉटनी और जूलॉजी में ज्यादा मार्क्स आएंगे, उन्हें रैंक में ऊपर रखा जाएगा।
- अगर इससे फैसला नहीं हो पाता है तो केमिस्ट्री के नंबर देखे जाएंगे।
- इसके बाद फिजिक्स के अंको का मिलान होगा।
- इसके बाद अधिक उम्र और एप्लीकेशन नंबर के आधार पर बेहतर रैंक को प्राथमिकता दी जाएगी।
पहले क्या था नियम?
जिस छात्र का बायोलॉजी में बॉटनी और जूलॉजी में ज्यादा अंक या परसेंटाइल होगा, उसे रैंक में ऊपर रखा जाएगा। जिस छात्र के केमेस्ट्री में अंक ज्यादा होंगे उन्हें या जिन छात्रों के फिजिक्स में नंबर ज्यादा होंगे उन्हें ऊपर रखा जाएगा। ज्यादा जानकारी के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन देखें।
