एजुकेशन

MWCD Internship 2026: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में इंटर्नशिप का मौका, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

MWCD Internship 2026: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में अगस्त-सितंबर 2026 इंटर्नशिप के लिए आवेदन जारी है। जो महिलाएं इसमें हिस्सा लेना चाहती हैं आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Image

MWCD Internship 2026

MWCD Internship 2026: यदि आप सरकारी नीतियों, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को करीब से समझना चाहते हैं और इसमें योगदान भी देना चाहते हैं तो आपके लिए इस क्षेत्र में इंटर्नशिप का सुनहरा अवसर है। जी हां, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (MWCD) ने अपने अगस्त-सितंबर 2026 सेशन के इंटर्नशिप प्रोग्राम की शुरुआत कर दी है। इसके लिए योग्य उम्मीदवारों के आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। अगर आप भी इस इंटर्नशिप का हिस्सा बनना चाहती हैं तो आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं और आवेदन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें।

कौन कर सकता है MWCD Internship 2026 के लिए आवेदन

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने इस इंटर्नशिप प्रोग्राम को विशेष रूप से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। आइए जानते हैं कि इस इंटर्नशिप के लिए कौन आवेदन कर सकता है।

- इस इंटर्नशिप के लिए केवल महिलाएं आवेदन कर सकती हैं।

- उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या शैक्षणिक संस्थान से संबद्ध होना अनिवार्य है।

- आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

- इस कार्यक्रम में गैर-महानगरीय शहरों और ग्रामीण इलाकों की महिला छात्राएं, रिसर्चर्स, सामाजिक कार्यकर्ता (Social Workers) और महिला टीचर भाग ले सकती हैं।

दो बार इंटर्नशिप के लिए आवेदन मान्य नहीं

मंत्रालय ने साफ किया है कि यदि कोई उम्मीदवार किसी एक सत्र के लिए चुन ली जाती है, तो वह भविष्य में दोबारा इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने के योग्य नहीं मानी जाएगी। इसका अर्थ यह है कि एक उम्मीदवार दो बार इंटर्नशिप नहीं कर सकता है।

4 बार आता है यह इंटर्नशिप प्रोग्राम

जी हां, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा यह इंटर्नशिप प्रोग्राम साल में एक बार नहीं, बल्कि चार बार आयोजित किया जाता है। इसकी जानकारी इस प्रकार है -

- यह कार्यक्रम मई-जून, अगस्त-सितंबर, नवंबर-दिसंबर और फरवरी-मार्च के सत्रों में आयोजित होता है।

- प्रत्येक इंटर्नशिप सत्र की अवधि 2 महीने की होती है।

कब कर सकते हैं आवेदन

इस इंटर्नशिप के किसी भी सत्र में भाग लेने के लिए उम्मीदवार उसके शुरू होने से ठीक दो महीने पहले, महीने की 1 तारीख से 10 तारीख के बीच आवेदन कर सकता है। उस दौरान आवेदन विंडो खुली रहती है। यानी की अगस्त-सितंबर सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 1 से 10 जून तक आवेदन विंडो खुली रहेगी, जहां से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इस इंटर्नशिप का मुख्य उद्देश्य क्या है?

इसके जरिए इंटर्न्स को मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, नीतियों और प्रोजेक्ट्स को जमीनी स्तर पर समझने का मौका मिलता है। चयनित उम्मीदवारों को अलग-अलग अध्ययन कार्यों (Study Projects) का हिस्सा बनाया जाता है। इंटर्न्स को मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और विषय-विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है।

कैसे करें इंटर्नशिप के लिए आवेदन?

स्टेप 1 - सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट wcd.intern.nic.in पर जाएं।

स्टेप 2 - होमपेज पर अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करके एक नया अकाउंट (रजिस्ट्रेशन) बनाएं।

स्टेप 3 - रजिस्ट्रेशन सफल होने के बाद मिले यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करें।

स्टेप 4 - अब आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पता और शैक्षणिक योग्यता का विवरण सही-सही भरें।

स्टेप 5 - पोर्टल पर मांगे गए आवश्यक दस्तावेजों को स्कैन करके निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करें।

स्टेप 6 - फॉर्म को अंतिम रूप से जमा करने से पहले 'प्रीव्यू' के जरिए सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें।

पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद आवेदन पत्र को ऑनलाइन सबमिट कर दें और भविष्य के संदर्भ के लिए उसका एक प्रिंटआउट निकालकर रख लें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article