केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने स्कूलों की व्यवस्था को डिजिटल बनाने के लिए तीन नए प्लेटफॉर्म लॉन्च किए हैं। इनकी मदद से अब स्कूलों की निगरानी, पैरेंट्स और टीचर्स के बीच बातचीत और पुराने छात्रों से जुड़ना पहले से आसान होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली में इन तीनों डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत की। इनमें AI आधारित विद्या समीक्षा केंद्र, KVS संवाद पैरेंट कनेक्ट ऐप और वेब पोर्टल और KVS एलुमनी कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। इन सभी प्लेटफॉर्म को KVS की आईटी टीम ने खुद तैयार किया है।
1. AI से होगी स्कूलों की निगरानी
पहला प्लेटफॉर्म विद्या समीक्षा केंद्र है। इसे samiksha.kvs.gov.in पर एक्सेस किया जा सकता है। इसकी मदद से अधिकारी एक ही जगह पर स्कूलों में छात्रों और शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई का स्तर, एडमिशन और स्कूल की सुविधाओं से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।
इसमें 'समीक्षा AI बॉट' भी दिया गया है, जो उपलब्ध डेटा का विश्लेषण करके कमियों की पहचान करेगा और सुधार के सुझाव देगा।
2. KVS संवाद ऐप से पैरेंट्स को मिलेंगी ये सुविधाएं
दूसरा प्लेटफॉर्म KVS संवाद पैरेंट कनेक्ट ऐप और वेब पोर्टल है। इसे samvaad.kvs.gov.in पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी मदद से अभिभावक घर बैठे बच्चों की अटेंडेंस, सिलेबस की प्रोग्रेस और परीक्षा के रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा डिजिटल स्टूडेंट आईडी कार्ड, पढ़ाई से जुड़े संसाधन और छात्र-शिक्षक डायरी की सुविधा भी मिलेगी।
पैरेंट्स पोर्टल के जरिए बोनाफाइड सर्टिफिकेट, चिल्ड्रेन एजुकेशन अलाउंस (CEA) सर्टिफिकेट और बच्चों की छुट्टी के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे।
3. पुराने छात्रों को जोड़ेगा एलुमनी पोर्टल
तीसरा प्लेटफॉर्म KVS एलुमनी कनेक्ट पोर्टल है। इसे alumni.kvs.gov.in पर देखा जा सकता है। इसके जरिए पुराने छात्र अपने स्कूल और बैचमेट्स से दोबारा जुड़ सकेंगे। वे अपने अनुभव साझा करने के साथ मौजूदा छात्रों को करियर गाइडेंस और मेंटरशिप भी दे सकेंगे।
KVS के मुताबिक, इन तीनों प्लेटफॉर्म का मकसद स्कूलों की व्यवस्था को आसान बनाना, कागजी काम कम करना और डिजिटल सुविधाओं को ज्यादा से ज्यादा छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों तक पहुंचाना है। शिक्षा मंत्री ने भी इन सुविधाओं को सभी केंद्रीय विद्यालयों में लागू करने और समय-समय पर इनकी समीक्षा करने पर जोर दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Railway में 2008 अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन, 10वीं के लिए मौका
