Education News: भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद ने बिजनेस एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में दो वर्षीय 'ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम' लॉन्च किया है। यह भारत का पहला डिग्री-आधारित कार्यक्रम है, जिसे विशेष रूप से उन पेशेवरों और उद्यमियों के लिए तैयार किया गया है जो नेतृत्व, रणनीति और प्रबंधन कौशल के साथ एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स और AI में समझ विकसित करना चाहते हैं।
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, जैसे-जैसे उद्योग और बाजार डेटा-आधारित निर्णयों तथा AI का इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसे वैसे पेशेवरों को ऐसी दक्षताओं की आवश्यकता है, जिसमें उन्हें स्मार्ट, उत्पादक और प्रतिस्पर्धी संगठन बनने का अवसर मिले।
AI Skill के मामले में भारत नंबर 1
अनुमान के अनुसार, देश का डेटा एनालिटिक्स बाजार वर्ष 2030 तक 21.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है, और 2025 से 2030 के बीच इसकी वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 35.8% रहने का अनुमान है। 2024 की बीसीजी–नैसकॉम रिपोर्ट भी भारत की एआई प्रतिभा में अग्रणी स्थिति को दर्शाती है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत एआई कौशल के मामले में दुनिया में पहले स्थान पर है, और 2026 तक एआई-तैयार पेशेवरों की मांग एक मिलियन से अधिक होने की संभावना है।
इन्हीं अवसरों को ध्यान में रखते हुए, IIM अहमदाबाद का यह नया प्रोग्राम मार्केटिंग, फाइनेंस, ऑपरेशन्स, सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स, लीगल, आईटी और एचआर जैसे डेटा-प्रधान क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों को स्किल्ड बनाएगा।
ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम किस तरह का देगा प्लेटफॉर्म
IIM अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर ने कहा, “यह पहला ब्लेंडेड एमबीए प्रोग्राम महत्वाकांक्षी मैनेजर्स और उद्यमियों को उच्च-स्तरीय कौशल सीखने, एआई-सक्षम बिजनेस मॉडल्स को समझने और डिजिटल परिवर्तन को जिम्मेदारीपूर्वक आगे बढ़ाने का अवसर देगा। इसके अलावा विभिन्न उद्योग क्षेत्रों में नवाचार, प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदार एआई-आधारित परिवर्तन को दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।”
IIM अहमदाबाद के डीन (प्रोग्राम्स), प्रो. दीप्तेश घोष ने कहा, “यह ब्लेंडेड एमबीए कोर्स ऐसे लीडर्स तैयार करता है जो डेटा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सशक्त प्रबंधन निर्णय क्षमता के साथ क्रॉस-फंक्शनल समस्याओं का समाधान कर सकें। हमारा उद्देश्य एक ऐसा कार्यबल तैयार करना है जो विश्लेषणात्मक रूप से मजबूत और रणनीतिक रूप से सक्षम हो।”
ब्लेंडेड एमबीए के बारे में
यह प्रोग्राम ब्लेंडेड मोड में संचालित किया जाएगा, जिसमें लाइव “डायरेक्ट-टू-डिवाइस” सत्रों के साथ-साथ आईआईएम अहमदाबाद में तीन ऑन-कैंपस मॉड्यूल्स भी शामिल होंगे। इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित फैकल्टी और सशक्त सहपाठी संवाद के साथ तैयार किया गया है। दो वर्ष का यह प्रोग्राम तीन-टर्म संरचना पर आधारित होगा और इसमें बिजनेस मैनेजमेंट, एनालिटिक्स और एआई को जोड़ते हुए केस-स्टडी, कैपस्टोन प्रोजेक्ट्स और एक्शन-लर्निंग प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
छात्र 20 से अधिक इलेक्टिव्स में से चयन कर सकते हैं, जिनमें शामिल हैं, प्रेडिक्टिव और प्रिस्क्रिप्टिव एनालिटिक्स, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, फाइनेंस और रिस्क मैनेजमेंट, ह्यूमन–एआई कोलैबोरेशन एवं चेंज मैनेजमेंट, एआई एथिक्स, पॉलिसी एवं रेगुलेशन, सप्लाई चेन डिजिटाइजेशन, जेनरेटिव एआई और एजेंटिक एआई आदि।
छात्रों को और क्या होगा फायदा
छात्रों को पूरे प्रोग्राम के दौरान आईआईएम अहमदाबाद के विश्व-स्तरीय लर्निंग इंफ्रास्ट्रक्चर का रिमोट एक्सेस मिलेगा, जिसमें विक्रम साराभाई लाइब्रेरी, एडवांस्ड कंप्यूटिंग सुविधाएँ और विस्तृत डेटाबेस नेटवर्क शामिल हैं।
पहले वर्ष के बाद फ्लेक्सिबल एग्जिट ऑप्शन भी उपलब्ध है। इस स्थिति में छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा। सफल प्रतिभागी आईआईएम अहमदाबाद के एनुअल एलुमनी नेटवर्क से जुड़ सकेंगे, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसरों तक पहुंच प्रदान करेगा।
कौन कर सकता है आवेदन
आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में बैचलर डिग्री / सीए / सीएस / आईसीडब्ल्यूए / सीएमए या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए, जिसमें न्यूनतम 50% अंक या समकक्ष सीजीपीए आवश्यक है।
कार्यरत पेशेवरों और उद्यमियों के लिए अनुभव की शर्तें इस प्रकार हैं :-
उम्मीदवारों को पिछले पांच वर्षों में दिया गया CAT/ GMAT/ GRE का वैध स्कोर दिखाना होगा (GMAT Classic/ Focus और GRE दोनों स्वीकार्य; परीक्षा तिथि 1 जनवरी 2021 या उसके बाद)। वैकल्पिक रूप से, उम्मीदवार आईआईएम अहमदाबाद की प्रवेश परीक्षा – राउंड 1 (BPGP: BA & AI) में भाग ले सकते हैं, जो 14 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। प्रोग्राम का लिंक : iima.ac.in/academics/MBA-BPGP-BA-AI