क्रिकेट

खराब मौसम के कारण कानपुर से लखनऊ शिफ्ट हुए यूपी टी20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले

यूपी टी20 लीग के क्वालीफायर मुकाबले को लखनऊ शिफ्ट कर दिया गया है। खराब मौसम को देखते हुए यूपी टी20 लीग के टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया है। यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने सोमवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की

Image

यूपी टी20 लीग (साभार-X)

कानपुर में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए, यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल ने इसे लखनऊ शिफ्ट करने की घोषणा की है। अब फाइनल सहित यूपी टी20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले कानपुर की जगह लखनऊ में खेले जाएंगे। केवल वेन्यू बदला गया है, ये मुकाबले तय तारिख पर ही खेले जाएंगे। यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने सोमवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की।

मीडिया को संबोधित करते हुए कपूर ने इस बात पर जोर दिया कि खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करना, खेलने के लिए सर्वोत्तम परिस्थितियां प्रदान करना और क्रिकेट की उच्चतम गुणवत्ता को बनाए रखना लीग प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

"कानपुर में लगातार बारिश के कारण पूरा मैच खेलना लगभग असंभव हो गया है, जिसका सीधा असर खेल और खिलाड़ियों पर पड़ा है। प्लेऑफ जैसे निर्णायक मुकाबलों में यह आवश्यक है कि मैच पूरा हो और इसी के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। उन्होंने आगे कहा 'यह फैसला किसी टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं लिया गया है, बल्कि इसके पीछे क्रिकेट और खिलाड़ियों का हित देखा गया है। मेरा मानना है कि जो भी टीम प्लेऑफ में पहुंची है वो अच्छी पिट डिजर्व करती है। यूपी टी20 लीग टीम मैनेजमेंट ने कानपुर और वहां के फैंस का धन्यवाद किया जिन्होंने इस लीग को अब तक इतना प्यार दिया है।

यूपी टी20 लीग 2026 का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को खेला जाना है। प्लेऑफ मुकाबले 3 और 4 सितंबर को खेले जाएंगे। 3 सितंबर को पहला क्वालीफायर और एलिमिनेटर खेला जाएगा जबकि 4 सितंबर को दूसरा क्वालीफायर खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article