एजुकेशन

बेस्ट करियर के लिए कैसे चुनें BTech की 50 ब्रांच में से सबसे सही ब्रांच? इन बातों पर छात्रों को रखना होगा खास ध्यान

How to Choose Right BTech Branch: इंजीनियरिंग में 50 से अधिक ब्रांच है, लेकिन बेस्ट करियर के लिए कौन सी ब्रांच चुननी है, छात्र इसमें अक्सर गलत फैसला ले लेते हैं। ऐसे में कैसे एक अच्छे करियर के लिए बेस्ट बीटेक ब्रांच का चुनाव करें? आइए जानते हैं विस्तार में -

Image

(Photo - AI)

How to Choose Right BTech Branch: इंजीनियरिंग में दाखिले की तैयारी कर रहे हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों के मन में हर साल सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि बीटेक (BTech) की किस ब्रांच में सबसे बेहतर प्लेसमेंट और पैकेज मिलेगा। सुनने में यह सवाल, जितना आसान लगता है उतना है नहीं। इसके पीछे की वजह यह है कि इंजीनियरिंग कोई छोटा सा क्षेत्र नहीं है। 5 पारंपरिक ब्रांच के साथ इसमें 50 से अधिक ब्रांच है। इसमें से एक सही ब्रांच चुनना बच्चों का खेल नहीं है। अक्सर लोग केवल शुरुआती सैलरी के आधार पर ब्रांच तय करते हैं, लेकिन असल सफलता सही ब्रांच के चुनाव और उसमें मौजूद भविष्य की संभावनाओं पर निर्भर करती है।

आज इंजीनियरिंग का दायरा बहुत तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की दुनिया बदल रहा है, रोबोटिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई दिशा दे रहा है, सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स की रीढ़ बन चुके हैं और रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर के भविष्य को संवार रही है। ऐसे दौर में कंपनियों को सिर्फ पारंपरिक ज्ञान वाले इंजीनियर्स की नहीं, बल्कि नई तकनीक के साथ तालमेल बिठाने वाले हुनरमंद युवाओं की तलाश है। इसलिए छात्रों के लिए एक अच्छे करियर की दिशा में जाने के लिए बीटेक की सही ब्रांच चुनना आवश्यक है।

हाई इनकम वाले 7 बीटेक कोर्स

एक्सपर्ट्स की मानें तो, भले ही कंप्यूटर साइंस छात्रों की पहली पसंद बनी हुई है, लेकिन इंजीनियरिंग की 50 ब्रांचों में से कई ऐसी ब्रांच है, जो हाई इनकम सैलरी के लिए छात्रों में छाई हुई है। यह ब्रांच न केवल अच्छी सैलरी प्रदान करती हैं बल्कि देश-विदेश की कंपनियों में जॉब के अच्छे अवसर भी प्रदान करती है। तो आइए आपको सबसे पहले बताएं इंजीनियरिंग की परंपरागत से लेकर आधुनिक टॉप 7 ब्रांच के बारे में जो देती हैं लाखों की सैलरी।

कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE): इस ब्रांच में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, एआई, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा जॉब्स और शानदार सैलरी पैकेज मिलते हैं। सीएसई इंजीनियरिंग का पारंपरिक कोर्स है। आधुनिक कोर्स के बीच आज भी इस कोर्स की लोकप्रियता बनी हुई है।

इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग: भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग और चिप डिजाइनिंग के तेजी से विस्तार के कारण VLSI, एम्बेडेड सिस्टम, IoT और हार्डवेयर डेवलपमेंट में इस ब्रांच की भारी मांग है। यह भी इंजीनियरिंग की लोकप्रिय और पारंपरिक ब्रांच है। इस विषय से इंजीनियरिंग करने वाले उम्मीदवारों को हाई इनकम देकर कंपनियां हायर करती हैं।

एआई एंड मशीन लर्निंग: आधुनिक समय की मांग के अनुसार अगर आप ब्रांच का चयन करते हैं तो एआई और मशीन लर्निंग का आज के समय में बोलबाला है। हाई इनकम के लिए यह एक बेहतरीन कोर्स माना जाता है। आज अधिकांश कंपनियां इस ब्रांच में शिक्षा प्राप्त बीटेक छात्रों को हाई सैलरी देकर हायर कर रही है। इसमें आपको एआई के सभी पहलुओं के साथ मशीन लर्निंग सीखाई जाती है।

डाटा साइंस: डाटा साइंस कोर्स छात्रों को मशीन लर्निंग, पायथन, बिग डेटा एनालिटिक्स, डेटा और उसकी एल्गोरिदम के बारे में सिखाया और पढ़ाया जाता है। आज के समय में छोटे से छोटी और बड़ी से बड़ी कंपनियां अपने डेटा को संभालने के लिए और सिक्योर करने के लिए डेटा साइंटिस्ट को हायर कर रही हैं। ऐसे में यह वर्तमान समय में सबसे अधिक मांग में रहने वाले कोर्स में से एक है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग: बदलते समय के साथ मैकेनिक इंजीनियरिंग कोर्स की मांग कम नहीं हुई है, बल्कि और बढ़ी है। इस कोर्स में छात्रों को ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EVs), स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और प्रोडक्ट डिजाइनिंग आदि के बारे में पढ़ाया जाता है। यह कोर्स मैकेनिकल क्षेत्र में नए अवसर खुलता है।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग: रिन्यूएबल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा), स्मार्ट ग्रिड, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटेलिजेंट इंफ्रास्ट्रक्चर में इस ब्रांच का भविष्य काफी उज्ज्वल है। यह छात्रों के बीच पसंदीदा कोर्स है। हाई इनकम कोर्स में भी इसका नाम शामिल है। अधिकांश छात्र इस कोर्स में हाई सैलरी और बेहतरीन भविष्य के लिए चुनते हैं।

इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग: इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, प्रोसेस कंट्रोल, सेंसर्स और रियल-टाइम मॉनिटरिंग पर केंद्रित यह ब्रांच मैन्युफैक्चरिंग और एनर्जी सेक्टर में तेजी से उभर रही है।

सही ब्रांच चुनने के लिए एक्सपर्ट्स के मूलमंत्र

व्यक्तिगत रुचि को दें प्राथमिकता: जिस विषय में आपकी स्वाभाविक रुचि और जिज्ञासा हो, उसी क्षेत्र का चुनाव करें। इससे सीखने की क्षमता बढ़ती है और लंबे समय में करियर सफल रहता है।

केवल उच्चतम पैकेज पर न जाएं: किसी ब्रांच का चयन सिर्फ हाईएस्ट सैलरी देखकर न करें। संस्थान के रिक्रूटमेंट रिकॉर्ड, इंटर्नशिप के अवसरों और एलुम्नाई की सफलता को भी जरूर देखें। कई बार हाई सैलरी देने वाली ब्रांच जरूरी नहीं है कि आपको भी करियर ग्रोथ दे। इसलिए कोर्स का चुनाव करने से पहले उसका बैकग्राउंड चेक करना भी उनता ही जरूरी है।

प्रैक्टिकल स्किल्स पर ध्यान दें: शुरुआती दिनों से ही कोडिंग, डिजाइन सॉफ्टवेयर, सर्टिफिकेशन, हैकाथॉन और प्रोजेक्ट्स के जरिए व्यावहारिक ज्ञान हासिल करें। अपनी ब्रांच से बाहर निकलर कर इंजीनियरिंग की कुछ सॉफ्ट और हार्ड स्किल्स को भी सीखें, जो आपके सीवी में जान डाल देगा।

इंटरडिसिप्लिनरी अप्रोच अपनाएं: अपनी कोर ब्रांच की पढ़ाई के साथ-साथ डेटा एनालिटिक्स, एआई और डिजिटल तकनीक की जानकारी रखने वाले इंजीनियर्स को कंपनियां ज्यादा तरजीह देते हैं। तकनीक लगातार बदल रही है। एक सफल इंजीनियर वही बनता है जो जीवनभर नई तकनीकों को सीखने और अपनाने के लिए तत्पर रहता है। समय के साथ नई स्किल डेवलप करते रहना न केवल आपके ज्ञान को बढ़ाता, बल्कि मार्केट में आपकी वैल्यू को भी बढ़ता है।

आज के दौर में रिक्रूटर्स किस तरह के छात्रों को पसंद करते हैं?

आजकल कंपनियां केवल किताबी ज्ञान या अच्छे मार्क्स देखकर नौकरी नहीं देती। वे ऐसे उम्मीदवारों की तलाश में रहती हैं जिनके पास इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स, रिसर्च और प्रॉब्लम-सॉल्विंग का प्रैक्टिकल अनुभव होता है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, सेमीकंडक्टर कंपनियों और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लगातार विस्तार से उन छात्रों के लिए असीमित संभावनाएं बन रही हैं जो मजबूत तकनीकी आधार के साथ-साथ प्रैक्टिकल स्किल्स भी रखते हैं। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि समय के साथ आने वाले टेक्नोलॉजी सीखते रहें ताकि उनका करियर सुरक्षित रहे और साथ ही समय-समय पर ग्रोथ भी मिलती रहे। लर्निंग बंद होते ही करियर ग्रोथ भी रुक जाती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article