दुनिया

रूस में बड़ा विमान हादसा, सैन्य प्लेन Tu-154 हुआ क्रैश, कम से कम 6 लोगों के मारे जाने की आशंका

Tu-154 सोवियत संघ के समय का तीन इंजनों वाला विमान है। यह 1970 के दशक से सेवा में है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में इस विमान का इस्तेमाल होने के बाद परिवहन एवं सरकारी कार्यों के लिए रूसी सेना इस विमान का इस्तेमाल करती है।

Image

हादसे का शिकार हुआ रूस का सैन्य विमान।

Tu-154 crash : रूस के अमूर ओब्लास्ट में बड़ा प्लेन हादसा हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक विमान हादसे में छह लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया गया कि प्लेन में सात लोग सवार थे। विमान जहां पर क्रैश हुआ वहां आग की लपटें उटती दिखाई दीं। शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया कि विमान के ईंधन टैंक में विस्फोट होने की वजह से यह हादसा हुआ। Tu-154 सोवियत संघ के समय का तीन इंजनों वाला विमान है। यह 1970 के दशक से सेवा में है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में इस विमान का इस्तेमाल होने के बाद परिवहन एवं सरकारी कार्यों के लिए रूसी सेना इस विमान का इस्तेमाल करती है।

विमान में कुल सात लोग सवार थे

रिपोर्टों के अनुसार हादसा क्रास्नोयारोवो गांव के पास हुआ। विमान में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में चालक दल के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। यह विमान ‘यूक्रेनका’ एयर ग्रुप का बताया जा रहा है। बाजा के अनुसार, अमूर क्षेत्र में हुए Tu-154 सैन्य विमान हादसे की प्रारंभिक वजह विमान में ईंधन विस्फोट बताई जा रही है।

जमीन से टकराने पर ईंधन में धमाका हुआ?

शुरुआती जानकारी में कहा गया कि टेकऑफ के फौरन बाद विमान में दिक्कत आई और जमीन से टकराने पर ईंधन में धमाका हुआ, जिससे विमान का ढांचा तबाह हो गया। रूसी रक्षा अधिकारियों ने कारणों की जांच शुरू कर दी है और राहत टीमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की तलाश कर रही हैं। अभी तक किसी आधिकारिक बयान में हादसे की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

पुराने विमानों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना से सोवियत दौर के पुराने बेड़े की सुरक्षा और रखरखाव पर फिर सवाल उठे हैं, जिसे रूस की सरकारी एजेंसियां आज भी इस्तेमाल करती हैं। Tu-154 को रूसी एयरलाइंस हटा चुकी हैं, पर सेना और कुछ सरकारी एजेंसियां इसे चला रही हैं। दिसंबर 2016 में रक्षा मंत्रालय का एक Tu-154 सोची से उड़ान भरने के बाद काला सागर में गिरा था। उसमें सवार सभी 92 लोग मारे गए थे, जिनमें रेड आर्मी कॉयर के सदस्य भी थे। 2010 में स्मोलेंस्क में पोलैंड के राष्ट्रपति लेक काचिंस्की को ले जा रहा Tu-154 भी क्रैश हुआ था, जिसमें सभी 96 लोग मारे गए थे

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article