UP ITI Result 2026: उत्तर प्रदेश स्टेट काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग (SCVT) ने यूपी आईटीआई के एनसीवीटी (NCVT) और एससीवीटी (SCVT) पाठ्यक्रमों का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन छात्रों ने प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष या शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स में हिस्सा लिया था, वे अब अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए अभ्यर्थी SCVT की आधिकारिक वेबसाइट scvtup.in या स्किल इंडिया डिजिटल (SIDH) पोर्टल skillindiadigital.gov.in पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं। परिणाम देखने के लिए उम्मीदवारों को अपनी जरूरी लॉगिन जानकारी दर्ज करनी होगी।
रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले SCVT की आधिकारिक वेबसाइट या SIDH पोर्टल पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर दिए गए रिजल्ट सेक्शन में जाएं और "CTS AITT Mains Examination-2026 Result" लिंक पर क्लिक करें। अब अपनी लॉगिन जानकारी भरकर सबमिट करें। इसके बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। यहां से आप अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं।
यूपी आईटीआई एडमिशन 2026
छात्रों को पता होना चाहिए कि यह केवल आईटीआई परीक्षा का रिजल्ट है। इसका यूपी आईटीआई एडमिशन 2026 की मेरिट लिस्ट से कोई संबंध नहीं है। राज्य में आईटीआई प्रवेश के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाती। छात्रों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाता है।
जल्द जारी होगी एडमिशन मेरिट लिस्ट
यूपी आईटीआई एडमिशन 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक चली थी। अब आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। जिन छात्रों का नाम मेरिट लिस्ट में होगा, उन्हें तय समय के भीतर संबंधित संस्थान में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और प्रवेश की बाकी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि कोई समस्या लगती है, तो आप हेल्पलाइन नंबर 0522-2336115 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 9628372929 नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
