Interview Question Answer: जब भी कोई कैंडिडेट जॉब इंटरव्यू में बैठता है तो ढेरों सवालों के बीच एक सवाल है, जो अक्सर पूछा जाता है— "What are your salary expectations?" (आपकी सैलरी को लेकर क्या उम्मीदें हैं?)। भले ही आपने हर सवाल के जवाब सही और सटीक दिए हो, लेकिन यह सवाल अच्छे-अच्छो के पसीने छुड़ा देता है। ऐसा इसलिए क्योंकि गलत आंकड़ा बताने पर या तो आप मार्केट वैल्यू से कम पर सेलेक्ट हो सकते हैं, या फिर ज्यादा मांगकर रेस से बाहर हो सकते हैं। अगर आपको भी नहीं पता कि इंटरव्यू के दौरान इस तरह के सवाल का जवाब कैसे दें कि आप सिलेक्शन के और करीब जा सके, तो परेशान मत होइए। आज इस स्टोरी में जानते हैं कि What are your salary expectations? का सटीक जवाब कैसे देना है।
इंटरव्यूअर यह सवाल क्यों पूछता है?
सैलरी को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब कैसे देना है, यह जानने से पहले ये जानना जरूरी है कि सवाल पूछे जाने के पीछे इंटरव्यूअर की मंशा क्या है। बता दें कि इस सवाल का मुख्य मकसद यह जानना होता है कि क्या आपका बजट कंपनी के बजट से मेल खाता है और आप अपनी प्रोफेशनल वैल्यू को कितना समझते हैं। सही और रणनीतिक जवाब देकर आप न केवल अपना आत्मविश्वास दिखा सकते हैं, बल्कि एक बेहतरीन पैकेज भी हासिल कर सकते है।
| बजट का आंकलन | यह जांचना कि कंपनी जिस रोल के लिए हायर कर रही है, उसकी सैलरी रेंज और आपकी उम्मीदों में तालमेल है या नहीं। |
| आपकी मार्केट वैल्यू | क्या आप अपनी स्किल्स, अनुभव और इंडस्ट्री स्टैंडर्ड्स को लेकर अपडेटेड हैं? |
| नेगोशिएशन स्किल | दबाव में आप अपनी बात को कितनी समझदारी और प्रोफेशनल तरीके से रखते हैं। |
जवाब देने के 3 सबसे प्रभावी तरीके
सैलरी एक्सपेक्टेशन को लेकर जवाब देने के तीन प्रभावी तरीके है, जो इस प्रकार है -
सैलरी रेंज बताएं, सटीक आंकड़ा नहीं
किसी एक निश्चित आंकड़ा यानी फिक्सड नंबर पर अड़े रहने के बजाय हमेशा एक रेंज बताएं। इससे कंपनी को नेगोशिएशन का मौका मिलता है। वह आपसे बात करती है उसके आधार पर आप दोनों मिलकर एक नतीजे पर पहुंचते हैं। उदाहरण के तौर पर फ्रेशर जवाब दे सकते हैं कि "मेरी रिसर्च के अनुसार, इस रोल और मेरी योग्यताओं के लिए मार्केट में 4 लाख से 5 लाख रुपये प्रति वर्ष का पैकेज उपयुक्त है। हालांकि, मैं इस अवसर को लेकर काफी उत्साहित हूं और कंपनी के स्टैंडर्ड के मुताबिक चर्चा के लिए तैयार हूं।" इस प्रकार आप कंपनी को आपसे मोल-भाव करने का अवसर देते हैं।
अनुभव और स्किल्स का हवाला दें
यदि आपके पास कार्य अनुभव है, तो अपनी मौजूदा CTC और जिम्मेदारियों के आधार पर बात करें। उदाहरण के तौर पर - "अपने एक्सपीरिएंस और इस रोल की जिम्मेदारियों को देखते हुए, मैं 20% से 30% हाइक की उम्मीद कर रहा हूं, जो लगभग 8 लाख से 9 लाख रुपये की रेंज में आता है। हालांकि, मैं कुल कंपनसेशन पैकेज (बोनस व अन्य लाभ) को समझने के बाद इस पर आगे चर्चा कर सकता हूं।"
गेंद इंटरव्यूअर के पाले में डालें
अगर आप शुरुआत में ही सैलरी की बात नहीं करना चाहते, तो विनम्रता से कंपनी का बजट पूछ सकते हैं। उसके आधार पर आप चर्चा कर सकते हैं। उदाहरण के अनुसार बात करें तो आप कह सकते हैं कि "मैं इस पद के लिए कंपनी के बजट और इस रोल के लिए तय किए गए पे-स्केल (Pay Scale) के बारे में जानना पसंद करूंगा।"
इन बातों का विशेष ध्यान रखें
| क्या करें (Do's) | |
| मार्केट रिसर्च करें | एम्प्लॉयर पोर्टल आदी से सैलरी ट्रेंड्स पहले से देख लें। |
| फ्लेक्सिबल रहें | दिखाएं कि आप सीखने और सही अवसर को प्राथमिकता देते हैं। |
| पूरा पैकेज देखें | केवल इन-हैंड सैलरी ही नहीं, बल्कि मेडिकल इंश्योरेंस और अन्य पर्क्स पर भी ध्यान दें। |
| क्या न करें (Don'ts) | |
| जल्दबाजी न करें | पहली ही बातचीत में खुद से सैलरी का मुद्दा न उठाएं। |
| पर्सनल खर्चों का हवाला न दें | कभी न कहें कि "मुझे होम लोन भरना है इसलिए ज्यादा सैलरी चाहिए।" |
| अवास्तविक मांग न करें | बिना किसी ठोस उपलब्धि के बहुत ज्यादा सैलरी की मांग न करें। |
आत्मविश्वास के साथ दें जवाब
'सैलरी एक्सपेक्टेशन' के सवाल का सामना करते समय आत्मविश्वास और विनम्रता का संतुलन बनाए रखना एक उम्मीदवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। यदि आप अपनी स्किल्स पर भरोसा रखते हुए और मार्केट ट्रेंड्स को ध्यान में रखकर तर्कसंगत जवाब देंगे, तो इंटरव्यूअर आपकी वैल्यू को समझेगा और आपको मनचाहा पैकेज मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी। ऐसे में गलती करने की और रिजेक्ट होने की संभावनाएं कम होती है। अगर कंपनी आपकी वैल्यू को समझती है तो वह आपको पसंद का पैकेज दे सकती है।
