Interview Question: जब आप किसी जॉब इंटरव्यू में बैठते हैं, तो इंटरव्यूअर केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता या अनुभव नहीं देखता, बल्कि यह भी परखता है कि आप कठिन परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन करते हैं। इसी चीज को परखने के लिए लगभग हर इंटरव्यू में एक बेहद आम लेकिन निर्णायक सवाल पूछा जाता है— "Can you work under pressure?" (क्या आप दबाव में काम कर सकते हैं?)। अक्सर उम्मीदवार इसका जवाब हां में देते हैं। लेकिन केवल हां कह देना ही काफी नहीं होता है। आपको इंटरव्यूअर को यह दिखाना जरूरी है कि आप केवल नौकरी पाने के लिए आंसर नहीं कर रहे हैं बल्कि आप सच में अंडर प्रेशर काम कर सकते हैं और बेहतर काम कर सकते हैं। इस सवाल का सही और सटीक जवाब आपके सिलेक्शन की संभावना को भी कई गुना बढ़ा देता है। तो आइए आज आपको इस सवाल के सही जवाब देने की टेक्निक और टिप्स दें।
इस सवाल को पूछने के पीछे क्या होता है इंटरव्यूअर का मकसद?
इंटरव्यूअर में किसी भी सवाल का जवाब देने में हड़बड़ी करने की बजाए, आपके लिए यह जानना जरूरी है कि उस सवाल के पीछे का मकसद क्या है, तभी आप बेहतर जवाब दे पाएंगे। अगर आपसे इंटरव्यू में पूछा जा रहा है कि क्या आप दबाव में काम कर सकते हैं (Can you work under pressure), तो सवाल केवल 'हां' या 'ना' सुनने के लिए नहीं पूछा जा रहा है। इस सवाल का सीधा सा मकसद यह जानना होता है कि जब डेडलाइन करीब होगी, काम का बोझ बढ़ेगा या कोई अप्रत्याशित चुनौती आएगी, तब आपका रवैया कैसा रहेगा। इसके अलावा वह आपके जवाब के जरिए कुछ मुख्य बातें समझना चाहता है -
समस्या सुलझाने की क्षमता (Problem-Solving Skills) - तनाव की स्थिति में आप घबराते हैं या ठंडे दिमाग से समाधान ढूंढते हैं?
समय प्रबंधन (Time Management) - काम के दबाव के बीच आप प्राथमिकताएं कैसे तय करते हैं?
सकारात्मक दृष्टिकोण (Positive Attitude) - क्या आप चुनौतियों को एक अवसर की तरह देखते हैं?
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में Where do you see yourself in 5 years सवाल का जवाब कैसे दें? सही आंसर से बढ़ेगी सिलेक्शन की संभावना
सही जवाब के लिए STAR तकनीक का इस्तेमाल करें
Can you work under pressure महत्वपूर्ण सवाल का सबसे प्रभावी और असरदार जवाब देने के लिए STAR फार्मूला का इस्तेमाल कर सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे की स्टार फॉर्मूला आखिर है क्या? आइए आपको इस फार्मूले के बारे में बताएं।
| S (Situation - स्थिति) | अतीत की किसी ऐसी स्थिति का जिक्र करें जहां काम का भारी दबाव था। |
| T (Task - कार्य) | उस समय आपके सामने क्या चुनौती या लक्ष्य था। |
| A (Action - कदम) | दबाव को संभालने के लिए आपने क्या व्यावहारिक कदम उठाए। |
| R (Result - परिणाम) | आपके प्रयासों से कंपनी या प्रोजेक्ट को क्या सकारात्मक परिणाम मिला। |
याद रखें - केवल यह कहना कि "हां, मैं दबाव में बहुत अच्छा काम करता हूं", काफी नहीं है। आपको अपने पुराने अनुभव का उदाहरण देकर इंटरव्यूअर को यह साबित करना है कि आप सही में दबाव में काम कर सकते हैं। यह केवल उदाहरण के माध्यम से समझाया जा सकता है।
सवाल के सैंपल जवाब
"मेरे अनुसार, दबाव काम का एक स्वाभाविक हिस्सा है और यह मुझे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। जब भी मेरे सामने कोई ऐसी स्थिति आती है, तो मैं घबराने के बजाय अपनी प्राथमिकताओं को तय करता हूं। उदाहरण के लिए, मेरे पिछले जॉब/प्रोजेक्ट में अचानक एक क्लाइंट की डेडलाइन दो दिन पहले कर दी गई थी। मैंने तुरंत अपनी टीम के साथ काम को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटा, प्राथमिकताएं तय की और काम को तय समय पर पूरा किया। उस दबाव ने मुझे समय प्रबंधन और बेहतर टीमवर्क सिखाया।"
इस प्रकार अपने जवाब को तैयार कर आप इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और सिलेक्शन के एक कदम नजदीक जा सकते हैं।
इन बातों का विशेष ध्यान रखें
| क्या करें | क्या न करें (Don'ts) |
| हमेशा उदाहरण दें: अपने अनुभव से जुड़ा कोई सच्चा किस्सा साझा करें। | झूठा दावा न करें: ऐसा न कहें कि आपको कभी तनाव या दबाव महसूस ही नहीं होता। |
| सकारात्मक रहें: दिखाएं कि दबाव आपको मजबूत बनाता है। | दूसरों पर दोष न मढ़ें: पूर्व कंपनी या सहकर्मियों की शिकायत करने से बचें। |
| प्रक्रिया समझाएं: बताएं कि आप तनाव कम करने के लिए कार्य-योजना (Action Plan) बनाते हैं। | अति-उत्साही न दिखें: यह न कहें कि आपको बिना दबाव के काम करने में मज़ा ही नहीं आता। |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -‘Why Are You Leaving Your Current Job’ सवाल का इंटरव्यू में कैसे दें जवाब?
इंटरव्यू में इस सवाल का जवाब आपकी परिपक्वता और पेशेवर क्षमता को दर्शाता है। यदि आप शांत रहकर, योजनाबद्ध तरीके से और किसी सटीक उदाहरण के साथ अपना उत्तर देंगे, तो इंटरव्यूअर पर आपका बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और आपके चयन के अवसर काफी बढ़ जाएंगे।
