एजुकेशन

CUET UG 2026: सीयूईटी यूजी आंसर की और क्वेश्चन ID पर गड़बड़ी का आरोप, सोशल मीडिया पर छात्रों का फूटा गुस्सा, NTA ने दी ये सलाह

CUET UG 2026: नीट, सीबीएसई के बाद अब सीयूईटी यूजी परीक्षा विवादों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर छात्रों ने आंसर की और क्वेश्चन आईडी में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। कई छात्रों ने इसके स्क्रीनशॉर्ट शेयर किए हैं।

Image

CUET UG 2026

नीट, सीबीएसई के बाद अब सीयूईटी परीक्षा विवादों के घेरे में घिरता नजर आ रहा है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा CUET UG 2026 की प्रोविजनल आंसर की जारी करने के बाद से विवाद की शुरुआत हो गई है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आंसर की और अपनी रिस्पॉन्स शीट में मिसमैच का आरोप लगाया है। इन छात्रों का कहना है कि आंसर की में दिए गए जवाब और सवालों की ID उनकी रिस्पॉन्स शीट से मेल ही नहीं खा रहे हैं। छात्र परेशान नजर आ रहे हैं। एक के बाद एक देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में निकल रही खामियां एजुकेशन सिस्टम के साथ एनटीए पर सवाल खड़े कर रही है।

9 जून से शुरू हुआ विवादों का सिलसिला

सीयूईटी यूजी परीक्षा की आंसर की को लेकर विवाद की शुरुआत तब हुई, जब एनटीए ने 9 जून 2026 को प्रोविजनल आंसर की और उम्मीदवारों की रिस्पॉन्स शीट आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड की। इसके साथ ही एजेंसी ने आपत्ति दर्ज कराने के लिए 'चैलेंज विंडो' भी खोल दी थी। जहा छात्र प्रति प्रश्न 200 रुपये का शुल्क का भुगतान कर आपत्ति प्रक्रिया पूरी कर सकते थे। लेकिन जब उम्मीदवार सही जवाबों को मिलान ही नहीं कर पा रहे हैं तो वह आपत्ति किस आधार पर दर्ज करेंगे। आंसर की और रिस्पॉन्स शीट में अंतर देख छात्रों ने सोशल मीडिया पर मामला शेयर किया।

सोशल मीडिया पर छात्रों ने शेयर किए स्क्रीनशॉट

परेशान छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एनटीए को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। इस पर एक छात्र ने लिखा, "मेरी CUET आंसर की गलत है, यह किसी भी क्वेश्चन ID से मैच नहीं कर रही है।" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि हर छात्र के पेपर में प्रश्नों का क्रम अलग (Shuffled) होता है, इसलिए केवल प्रश्नों के नंबर पर ध्यान न देकर क्वेश्चन ID का मिलान करें। हालांकि इस पर छात्रों का दावा है कि यूनिक क्वेश्चन ID का उपयोग करके मैन्युअल रूप से जांच करने के बाद भी जवाब गलत और मिसमैच आ रहे हैं। विवाद को बढ़ता देख एनटीए ने डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए छात्रों से उनके एप्लीकेशन नंबर मांग कर जांच शुरू की है।

चैलेंज फीस पर भी उठे सवाल

जहां एक तरफ आंसर की और रिस्पांस शीट से छात्र परेशान नजर आ रहे हैं वहीं एक अन्य उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि प्रोविजनल आंसर की में उनके कई सही जवाबों को गलत दिखाया गया है। छात्र ने एनटीए से आंसर की मुफ्त जांच करने का आग्रह किया और कहा कि प्रति प्रश्न 200 रुपये की फीस देना कई गरीब और मध्यमवर्गीय उम्मीदवारों के लिए आर्थिक रूप से बेहद मुश्किल होता है।

भ्रामक दावों पर NTA ने दी सफाई

सीयूईटी यूजी परीक्षा को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए उम्मीदवारों को यूनिक ID मिलाने, ऑप्शन आईजी की जांच, करने की सलाह दी है।

परिणाम से ठीक पहले उठे विवाद ने बढ़ाई छात्रों कि चिंता

छात्रों द्वारा लगाए गए इन गड़बड़ी के आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिजल्ट से ठीक पहले सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों ने परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। एक के बाद एक परीक्षा में आ रही तकीनिकी दिक्कते छात्रों के भविष्य के लिए बड़ी परेशानी है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article