काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने ICSE और ISC बोर्ड परीक्षाओं के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। परिषद ने वर्ष 2027 और 2028 की परीक्षाओं से जुड़ी पंजीकरण और एंट्री कंफर्मेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब देशभर के संबद्ध स्कूलों को तय समय सीमा के भीतर छात्रों का विवरण सत्यापित करने और नए छात्रों का पंजीकरण पूरा करना होगा। पूरी प्रक्रिया केवल CISCE के CAREERS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जाएगी। परिषद ने सभी स्कूलों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि आगे चलकर छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ICSE और ISC 2027 के लिए एंट्री कंफर्मेशन शुरू
जो छात्र वर्ष 2027 में ICSE या ISC बोर्ड परीक्षा देने वाले हैं, उनके विवरण की पुष्टि (Confirmation of details) करने की प्रक्रिया 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पूरी की जा सकती है। यदि कोई स्कूल इस अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाता है, तो उसे 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक एक और मौका मिलेगा। हालांकि, इस दौरान एंट्री कंफर्म करने पर निर्धारित विलंब शुल्क देना होगा।
यह प्रक्रिया इसलिए महत्वपूर्ण है ताकि बोर्ड परीक्षा से पहले छात्रों के नाम, विषय और अन्य जरूरी जानकारियों की सही तरीके से पुष्टि हो सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत में है कहां छिपा है दिल के आकार का आइलैंड, कम लोगों को है पता
जानकारी जांचने में लापरवाही न करें स्कूल
CISCE ने स्कूलों को सलाह दी है कि वे छात्रों का नाम, विषय, जन्मतिथि और अन्य विवरण अंतिम रूप से जमा करने से पहले अच्छी तरह जांच लें। यदि किसी जानकारी में छोटी-मोटी गलती है, तो उसका सुधार CAREERS पोर्टल के माध्यम से जरूरी दस्तावेजों के साथ कराया जा सकता है। बोर्ड का कहना है कि यदि गलत जानकारी जमा हो जाती है, तो परीक्षा और परिणाम के समय छात्रों को परेशानी हो सकती है। इसलिए अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते सभी विवरण जांच लेना बेहतर होगा।
ICSE 2028 के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि
वर्ष 2028 में ICSE परीक्षा देने वाले छात्रों का पंजीकरण 5 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक बिना किसी विलंब शुल्क के किया जा सकेगा। अगर कोई स्कूल इस अवधि में पंजीकरण नहीं करा पाता है, तो उसे 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक एक और अवसर मिलेगा। लेकिन इस दौरान पंजीकरण कराने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
ISC 2028 के लिए अलग व्यवस्था
ISC 2028 परीक्षा के लिए पंजीकरण 5 अगस्त से 15 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा के लिए अलग से लेट रजिस्ट्रेशन विंडो नहीं दी जाएगी। इसलिए स्कूलों को तय समय सीमा के भीतर ही सभी छात्रों का पंजीकरण पूरा करना होगा।
स्कूलों की होगी सबसे बड़ी जिम्मेदारी
CISCE ने साफ किया है कि छात्रों के पंजीकरण और विवरण की सही जानकारी जमा करने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूलों की होगी। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को भी अपने स्कूल के संपर्क में रहना चाहिए, ताकि समय पर सभी जरूरी दस्तावेज और शुल्क जमा किए जा सकें। बोर्ड ने यह भी कहा है कि अंतिम रूप से जानकारी जमा करने से पहले स्कूल छात्रों के विषय चयन, व्यक्तिगत विवरण और अन्य जरूरी जानकारियों की एक बार फिर जांच जरूर करें। यदि किसी सुधार की जरूरत हो, तो उसके लिए जरूरी दस्तावेजों के साथ समय रहते आवेदन करना आवश्यक होगा। इससे परीक्षा और परिणाम के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: How Rainfall is Measured: बारिश कितनी मिलीमीटर (mm) या सेंटीमीटर (cm) हुई है, इसे मापने का क्या है तरीका
