क्रिकेट

IND vs NZ 5th ODI Preview: न्यजीलैंड के लिए करो या मरो का है मुकाबला, पांचवें वनडे में स्विंग के खिलाफ साख बचाने और सीरीज जीत के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को माउंट मोनगानुई मेंपांचवें और आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में कीवी टीम के सामने सीम और स्विंग की चुनौती के बीच सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारत न्यूजीलैंड पांचवां वनडे मैच प्रीव्यू (फोटो क्रेडिट AI Generated)

माउंट मोनगानुई: भारतीय बल्लेबाज रविवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय में स्विंग लेती गेंदों के सामने बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगे क्योंकि इस मुकाबले से शृंखला का नतीजा भी तय होगा। भारत शुक्रवार को यहां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार झेलने के बावजूद शृंखला में 2-1 से आगे है। स्विंग और सीम की अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह नाकाम रहे और मैट हेनरी ने शुरुआती ओवर में ही तीन विकेट झटककर अपनी टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।

भारत को करना होगा स्विंग के खिलाफ प्रदर्शन में सुधार

भारत को तेज गेंदबाजी की अनुकूल पिचों पर अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा क्योंकि 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में भी उसे ऐसी ही परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। पूरे बल्लेबाजी क्रम की नाकामी को देखते हुए किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं होगा। हालांकि रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर पांच मैच की इस शृंखला में अब तक प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। अय्यर का कप्तान के रूप में पदार्पण भी निराशाजनक रहा। हेनरी की शानदार गेंद पर रोहित चकमा खा गए और स्लिप में कैच दे बैठे जबकि अय्यर तेज गति से अंदर की ओर आई गेंद पर पगबाधा हो गए। केवल एक प्रारूप में खेलने वाले रोहित और विराट कोहली के लिए यह मुकाबला न्यूजीलैंड के संभवत: अपने आखिरी दौरे पर दर्शकों का मनोरंजन करने का अंतिम मौका हो सकता है। शुक्रवार रात कोहली भी हेनरी की घातक गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं दे सके।

89 रन पर ढेर हो गई थी टीम इंडिया

न्यूजीलैंड के 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम का 26.4 ओवर में 89 रन पर सिमट जाना मुख्य कोच गौतम गंभीर को बिल्कुल पसंद नहीं आया।

गंभीर ने कहा, ’’ये ऐसी परिस्थितियां हैं जो विश्व कप के दौरान मिलने वाली परिस्थितियों के सबसे करीब होंगी। बड़ी चिंता रन बनाने की नहीं है बल्कि यह है कि हम कितनी जल्दी आउट हो गए। हम 26 या 27 ओवर में ही सिमट गए। यह हमेशा चिंता का विषय होता है।'

अय्यर ने ठहराया था पिच को हार के लिए जिम्मेदार

कप्तान अय्यर ने कहा कि दूसरी पारी में परिस्थितियां गेंदबाजों के काफी अनुकूल हो गई थीं लेकिन दोनों टीम के तेज गेंदबाजों के पावरप्ले में प्रदर्शन में बड़ा अंतर था। न्यूजीलैंड ने छठे ओवर तक भारत का स्कोर चार विकेट पर नौ रन कर दिया था जबकि भारतीय तेज गेंदबाज शुरुआती पावरप्ले में कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। गुरनूर बरार और आकिब नबी ने दो-दो विकेट चटकाए लेकिन रन भी लुटाए।

कुलदीप के खिलाफ यंग ने जमकर बनाए रन

शृंखला का अपना पहला मुकाबला खेलने उतरे कुलदीप यादव के खिलाफ विल यंग ने जमकर रन बनाए। इस दौरे पर अब तक बहुत कम मैच खेलने का मौका पाने वाले कुलदीप अगर अगले मुकाबले में उतरते हैं तो वह अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब होंगे। टेस्ट टीम से रिलीज किए गए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप न्यूजीलैंड दौरे का समापन यादगार प्रदर्शन के साथ करना चाहेंगे।

न्यूजीलैंड के लिए है करो या मरो का मुकाबला

दूसरी ओर न्यूजीलैंड के सामने शृंखला बराबर करने के लिए एक और करो या मरो का मुकाबला है। चौथे एकदिवसीय में अर्धशतक जड़कर सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने अपने करियर को नई दिशा दी होगी जबकि स्लिप में दो बार कैच छूटने के बाद विल यंग ने शानदार शतक जड़ा। भारतीय तेज गेंदबाजों को शुरुआती 10 ओवर में सलामी बल्लेबाजों को हावी होने से रोकना होगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले ब्रेट रैंडेल को बे ओवल में खेलने का मौका मिलता है। न्यूजीलैंड ने पिछले सात वर्षों से अपनी धरती पर कोई शृंखला नहीं गंवाई है और ऐसे में वह चोट खाए लेकिन मजबूत प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ अपना यह रिकॉर्ड बरकरार रखने के लिए पूरा जोर लगाएगा।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

भारतीय क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, इशान किशन, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: मिचेल सैंटनर, फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

समय: मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article