देश

26/11 हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा का AIIMS में होगा इलाज, किताबें उपलब्ध कराने का भी आदेश

26/11 Mumbai Attack: दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत ने शनिवार को तिहाड़ जेल प्रशासन को 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा का मेडिकल चेकअप एम्स में कराने का निर्देश दिया।

Image

26/11 हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा (फाइल फोटो: AI की मदद से इन्हांस की गई)

Photo : ANI

26/11 Mumbai Attack: दिल्ली की विशेष एनआईए अदालत ने शनिवार को तिहाड़ जेल प्रशासन को 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उसकी जांच एम्स (AIIMS) में कराने का निर्देश दिया। राणा ने ईएनटी (कान, नाक और गला) तथा हड्डियों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर अदालत का रुख किया था।

सनद रहे कि तहव्वुर हुसैन राणा 26/11 मुंबई हमले के कथित मास्टरमाइंड हैं और अप्रैल 2025 में अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद से तिहाड़ जेल में बंद हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, विशेष एनआईए न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने राणा की ओर से दायर दो अर्जियों को स्वीकार करते हुए जेल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। अदालत ने जेल प्रशासन को राणा का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया है।

एडवोकेट निशांत सिंह (एमिकस क्यूरी) ने कोर्ट में दलील दी कि राणा तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद है और ईएनटी तथा ऑर्थोपेडिक से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है। उसने अदालत से अमेरिका में हिरासत के दौरान कराए गए इलाज समेत अपने सभी मेडिकल रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग भी की थी।

राणा को किताबें उपलब्ध कराने का भी निर्देश

कोर्ट ने राणा की उस अर्जी को भी मंजूदी दे दी, जिसमें जेल मैनुअल के अनुसार उन्हें क्रिमिनल लॉ मैनुअल, भारतीय न्याय संहिता (BNS), एविडेंस एक्ट की कानून की किताबें देने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

इससे पहले, 8 अक्टूबर को अदालत ने राणा के खिलाफ आरोपों पर दलीलें सुनने के लिए मामले को सूचीबद्ध किया था। एनआईए की ओर से पहले दाखिल मुख्य आरोपपत्र और राणा की गिरफ्तारी के बाद दाखिल पूरक आरोपपत्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में आगे की सुनवाई होनी है।

सनद रहे कि 26/11 मुंबई हमले को पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल कसाब और उसके सहयोगियों ने अंजाम दिया था। हमले में कई आम नागरिकों के साथ पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की भी जान गई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article