क्रिकेट

भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है...अंडर-19 टीम की एशिया कप में धमाकेदार जीत के बाद लगा पूर्व दिग्गजों की बधाईयों का तांता

सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग सहित पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों ने अंडर-19 टीम को रोमांचक अंदाज में जीत दर्ज करने पर दिल खोलकर बधाई दी है। जानिए किसने क्या कहा?

Image

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने शनिवार को एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान पर एक विकेट की रोमांचक जीत दर्ज करने वाली भारतीय अंडर-19 टीम को बधाई दी। भारत ने 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत की जीत सुनिश्चित की। इसके साथ ही भारत ने रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। सहवाग के बेटे आर्यवीर ने फाइनल में 58 रन बनाए। इस प्रदर्शन से खुश सहवाग ने पूरी टीम के जुझारूपन की सराहना की।

युवा चैंपियनों पर है गर्व

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'क्या मुकाबला था। क्या शानदार अंत हुआ। 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराने के लिए जबर्दस्त हौसले की जरूरत होती है। लक्ष्य रायचंदानी के 80 रन, आर्यवीर के 58 रन और फिर जब हमें चमत्कार की जरूरत थी, तब मनल चौहान और मोहित उल्वा का कमाल। यह अविश्वसनीय जीत है। इन युवा चैंपियनों पर गर्व है।'

सौरव गांगुली ने कहा युवा सहवाग ने किया कमाल

आर्यवीर को ’प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी युवा बल्लेबाजों के निरंतर अच्छे प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने लिखा,'भारतीय अंडर-19 टीम को बहुत-बहुत बधाई। शानदार प्रदर्शन। युवा सहवाग ने पूरे टूर्नामेंट में क्या कमाल किया। टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। वीरू को अपने बेटे पर बहुत गर्व होगा।'

युवाओं ने दिखाया असली संघर्ष का जज्बा

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा,'पाकिस्तान के खिलाफ हमारे अंडर-19 लड़कों की क्या शानदार जीत रही। उन्होंने असली संघर्ष करने का जज्बा दिखाया। यह देखकर बहुत अच्छा लगा।'

सुरक्षित हाथों में है भारतीय क्रिकेट का भविष्य

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा कि इस जीत ने साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा,'एशिया कप में इन युवा खिलाड़ियों की शानदार जीत। एक बार फिर भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया। फाइनल में जिस स्थिति से उन्होंने जीत हासिल की, वो उनके धैर्य, साहस, दृढ़ संकल्प, संघर्ष करने की भावना और हमारी खेल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ बताता है। भारतीय क्रिकेट सुरक्षित हाथों में है और ऐसा लगता है कि हम दबाव में और बेहतर प्रदर्शन करते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article