भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैच की वनडे सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला रविवार को माउंट मोनगानुई में खेला जाएगा। इसी मैदान पर शुक्रवार को खेले गए चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को 244 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया न्यूजीलैंड के 333 रन के जवाब में 26.4 ओवर में 89 रन पर ढेर हो गई। भारतीय बल्लेबाज मैट हेनरी के खिलाफ पिच पर नहीं टिक सके। पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। ऐसे में रविवार को खेला जाने वाला मुकाबला सीरीज की तकदीर तय करेगा। भारतीय टीम 4 मैच बाद 2-1 की बढ़त बनाए हुए है। कीवी टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो वाला है। वहीं भारतीय टीम की नजर चौथे मैच में खराब प्रदर्शन के बाद सीरीज जीत पर है। ऐसे में आइए जानते हैं रविवार को माउंट मोनगानुई में कैसा रहेगा पिच का मिजाज और मौसम का हाल?
भारत बनाम न्यूजीलैंड मौसम का हाल (IND vs NZ 5th ODI Weather Report)
भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच रविवार को खेले जाने वाले मैच में बारिश की संभावना नहीं है। माउंट मोनगानुई में रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे बारिश की संभावना थोड़ी सी है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को पूरा मैच देखने को मिलेगा बारिश की खलल निर्णायक मुकाबले पर नहीं पड़ेगा। दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हल्की रफतार से हवा भी चलेगी।
भारत बनाम न्यूजीलैंड पिच रिपोर्ट (IND vs NZ 5th ODI Pitch Report)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को माउंट मोनगानुई के बे ओवल में मुकाबला खेला जाएगा। सीरीज का चौथा मुकाबला भी यहीं खेला गया था। पिछले मुकाबले में पहली पारी में कीवी टीम ने 333 रन बना दिए लेकिन दूसरी पारी में भारतीय टीम महज 89 रन बना सकी। दूसरी पारी में गेंद स्विंग और सीम हो रही थी। ऐसी घातक गेंदबाजी का सामना भारतीय बल्लेबाजी नहीं कर सके। रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे ऐसे में पिच पर निश्चित तौर पर नमी होगी और एक बार फिर तेज गेंदबाजों को फायदा मिलेगा। बे ओवल में पिछले पांच डे-नाइट वनडे मैचों में शुक्रवार को पहली बार किसी टीम ने अपने स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया। जिस तरह भारत की पूरी टीम 89 रन पर सिमट गई, उससे लग सकता है कि फ्लडलाइट्स में पिच काफी अलग बर्ताव करती है, लेकिन दिन के समय नई गेंदों के साथ भी पिच ने अपना असर दिखाया था। असल स्थिति शायद इन दोनों के बीच कहीं है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार खेल में किसी तरह की रुकावट आने की संभावना नहीं है, लेकिन अगर हालात बदलते हैं, तो टॉस के समय एक दिलचस्प फैसला लेना पड़ सकता है।
इस मैदान पर वनडे क्रिकेट में पहले बल्लेबाजी करने और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों के बीच लगभग बराबरी का है। हालांकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को मामूली बढ़त हासिल है। इस मैदान पर वनडे में पहली पारी का औसत स्कोर 268 और दूसरी पारी का औसत स्कोर 246 रन है। यहां वनडे में सबसे बड़ा स्कोर 7 विकेट पर 371 रन है। और सबसे छोटा स्कोर 89 रन है जो पिछले मुकाबले में भारतीय टीम ने बनाए थे। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ साल 2019 में 371 रन बनाए थे। इस मैदान पर 300 रन का लक्ष्य भी चेज हो चुका है।
दोनों टीम इस प्रकार हैं:
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप कप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव।
