एजुकेशन

KEAM 2027: डायबिटीज वाले छात्रों को हर घंटे मिलेंगे 20 मिनट अतिरिक्त, परीक्षा में इंसुलिन और स्नैक्स ले जा सकेंगे छात्र

केरल राज्य सरकार ने ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान हर एक घंटे पर 20 मिनट का अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम जॉन ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

Image

KEAM 2027

केरल की KEAM प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा के दौरान हर एक घंटे पर 20 मिनट का अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। केरल के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम जॉन ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। यह सुविधा उन विद्यार्थियों को मिलेगी, जो डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करेंगे। सरकार ने यह फैसला टाइप वन डायबिटीज फाउंडेशन की ओर से मिली मांग और प्रवेश परीक्षा आयुक्त की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद लिया है। इसे वित्त विभाग और मुख्यमंत्री की मंजूरी भी मिल चुकी है।

परीक्षा के दौरान टाइप-1 डायबिटीज वाले विद्यार्थियों को ब्लड शुगर लेवल कम या ज्यादा होने जैसी परेशानी हो सकती है। मेडिकल भाषा में इसे हाइपोग्लाइसीमिया और हाइपरग्लाइसीमिया कहा जाता है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को परीक्षा देने में दिक्कत न हो, इसलिए अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले केरल सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों और प्रोफेशनल कॉलेजों की परीक्षाओं में भी टाइप-1 डायबिटीज वाले छात्रों को हर घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय देने का आदेश जारी कर चुकी है।

परीक्षा हॉल में ये चीजें ले जाने की मिलेगी अनुमति

अतिरिक्त समय के साथ उम्मीदवारों को ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के लिए कुछ जरूरी सामान परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की भी अनुमति होगी। हालांकि, इन सभी चीजों की सुरक्षा जांच की जाएगी।

परीक्षा हॉल में क्‍या ले सकेंगे

  • इंसुलिन पेन और इंसुलिन पंप
  • ग्लूकोज टैबलेट
  • पानी
  • कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग सिस्टम (CGMS)
  • स्नैक्स और फल

KEAM 2027 के प्रॉस्पेक्टस में जुड़ेगा नियम

राज्य सरकार इस सुविधा को KEAM 2027 के आधिकारिक प्रॉस्पेक्टस में शामिल करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। इससे परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र विद्यार्थियों को नियमों और सुविधाओं की जानकारी पहले से मिल सकेगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश जारी होने पर उन्हें ध्यान से पढ़ें।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article