क्रिकेट

साढ़े 9 साल की मेहनत रंग लाई...U19 एशिया कप फाइनल के हीरो मोहित उल्वा के घर मनी जीत की दीवाली

भारतीय अंडर-19 टीम की चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2026 में खिताबी जीत के बाद जीत के हीरो मोहित उल्वा के घर पर दीवाली लौट आई है। उनके पिता ने कहा कि बेटे की साढ़े नौ साल की मेहनत लाई रंग। जानिए माता-पिता ने बेटे की सफलता के बारे में क्या कहा?

Image

अंडर-19 एशिया कप 2026 में खिताबी जीत का जश्न मनाता मोहित उल्वा का परिवार

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। इस रोमांचक जीत के हीरो गुजरात के सुरेंद्रनगर के मोहित उल्वा रहे, जिन्होंने नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। एक समय भारतीय टीम ने 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में मोहित ने मनल चौहान (47 रन) के साथ 57 रन की साझेदारी की और फिर चिगुरुपति वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया।

मोहित की इस पारी के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता महेशभाई उल्वा ने कहा कि जब मोहित बल्लेबाजी करने उतरा, तब करीब 100 रन बाकी थे और 8 विकेट गिर चुके थे। हालांकि, पहली ही गेंद पर उसके शॉट की टाइमिंग देखकर उन्हें भरोसा हो गया था कि बेटा अच्छी लय में है। महेशभाई ने कहा,'हीरो जैसा काम तो किया है। बहुत खुशी की बात है। जब वह बल्लेबाजी करने आया, तब करीब 100 रन बाकी थे और 8 विकेट गिर चुके थे। पहली गेंद खेलने के बाद उसकी टाइमिंग देखकर मुझे लग गया था कि आज वह लय में है। उसने अली रजा समेत तीनों तेज गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी टाइमिंग से छक्के लगाए। वह मैच को आखिरी तक लेकर गया और अंतिम गेंद पर चौका मारकर भारत को जीत दिलाई। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है।

उसका क्रिकेट ही है मेरी दुनिया

मोहित की इस सफलता के पीछे उनके पिता की वर्षों की मेहनत और लगातार सहयोग भी रहा है। महेशभाई के मुताबिक, मोहित पिछले साढ़े 9 साल से क्रिकेट की प्रैक्टिस कर रहा है। उन्होंने बेटे की ट्रेनिंग, फिटनेस, रूटीन और मानसिक मजबूती पर लगातार ध्यान दिया। महेशभाई ने कहा,'पिछले साढ़े 9 साल से वह प्रैक्टिस कर रहा है और मेरी तो दुनिया ही वही है। मेरी दुनिया उसका क्रिकेट, उसकी प्रैक्टिस, उसका रूटीन और उसकी फिटनेस है। उसे अच्छे माइंडसेट में रखना और आत्मविश्वास देना, यही मेरा काम रहा है। मैं लगातार उसके पीछे ध्यान देता रहा हूं। उससे एक बार में 500-500 गेंदों की प्रैक्टिस करवाई है। आज उसकी मेहनत का परिणाम मिला है, जिससे मैं बहुत खुश हूं।'

जामनगर से शुरू हुआ क्रिकेट का सफर

महेशभाई ने बताया कि मोहित की शुरुआती ट्रेनिंग जामनगर में महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हुई। वहां उसने साढ़े 3 साल तक अभ्यास किया। इसके बाद परिवार के राजकोट आने पर उसने RDS रेलवे ग्राउंड में लगातार 6 साल तक प्रैक्टिस की। इस दौरान मोहित ने विजय मर्चेंट अंडर-16, अंडर-19 और वीनू मांकड़ जैसे टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। वह सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से राज्य स्तर पर टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुका है। महेशभाई ने सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का आभार जताते हुए कहा कि संस्था ने मोहित को लगातार प्रोत्साहित किया और आगे बढ़ने में उसका सहयोग किया।

हमारे लिए तो अभी चल रही है दिवाली

मोहित की मां हंसाबेन भी बेटे की कामयाबी से बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने पूरा मैच देखा और मोहित की पारी देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। हंसाबेन ने कहा, 'हमारा बेटा हीरो बना है, इसलिए हमारे मन में बहुत खुशी है। मैंने मैच देखा था, बहुत अच्छा लगा। वह पूरा दिन प्रैक्टिस ही करता रहता था और खाने-पीने का भी काफी ध्यान रखता था। हमारे लिए तो अभी दिवाली चल रही है, ऐसा लग रहा है। हमारा यही सपना है कि बेटा आगे भी ऐसा ही खेले।'

डेल स्टेन और हार्दिक पंड्या हैं पसंदीदा क्रिकेटर

मोहित के पसंदीदा क्रिकेटरों के बारे में पिता ने बताया कि तेज गेंदबाजों में वह डेल स्टेन को पसंद करता है, जबकि ऑलराउंडर के तौर पर हार्दिक पंड्या उसके पसंदीदा खिलाड़ी हैं।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने दी बधाई

अंडर-19 एशिया कप जीत पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने 338 रन के लक्ष्य का पीछा कर जीत हासिल करने वाले युवा खिलाड़ियों के जज्बे और आत्मविश्वास की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सुरेंद्रनगर के मोहित उल्वा की विशेष तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोहित ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि गुजरात को मोहित पर गर्व है और पूरी टीम को भविष्य में और सफलताएं हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

'मेरा सपना है कि वह भारत के लिए खेले'

एशिया कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद परिवार की उम्मीद है कि मोहित आगे चलकर भारतीय सीनियर टीम में भी जगह बनाए। महेशभाई ने कहा कि बेटे को लगातार मेहनत करते रहना चाहिए और अपने कौशल को बेहतर बनाते रहना चाहिए। उन्होंने कहा,'क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। एक दिन अच्छा प्रदर्शन होता है तो दूसरे दिन मुश्किलें भी आती हैं। ये खेल और करियर का हिस्सा हैं। उसे लगातार मेहनत करनी है और अपने कौशल को बेहतर बनाना है। मेरी इच्छा है कि वह आगे चलकर भारत का प्रतिनिधित्व करे।'

(भाषा)

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article