Delhi Crime: दिल्ली के मोती नगर इलाके से शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोती नगर इलाके की एक कपड़ों के शोरूम के चेंजिंग रूम के अंदर युवती का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच में जुटी पुलिस
मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना मोती नगर के 5/8 ब्लॉक स्थित एक कपड़ों के शोरूम की है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
गला काटकर हत्या का अंदेशा
मृतका के परिजनों ने सूरज नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि सूरज ओला कैब चलाता है और उसकी शबनम से जान-पहचान थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाथरूम में भतीजी की गला काटकर हत्या की गई। मृतका के चाचा राजू ने बताया कि शबनम उनके भाई की बेटी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सूरज पहले भी शबनम को जान से मारने की धमकी दे चुका था और उसके साथ मारपीट भी की थी। इस संबंध में पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में वकीलों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ हुई तीखी नोकझोंक, बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़े प्रदर्शनकारी
परिजनों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मृतका के परिजनों ने मौके पर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने परिवार को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद मोती नगर इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
(टाइम्स नाउ नवभारत के लिए मोती नगर से लवली बक्शी की रिपोर्ट)
